शिव नवरात्रि प्रारंभ, कोटेश्वर महादेव का होगा पहला पूजन
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि से पहले शिव नवरात्रि का पर्व आज 17 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भगवान महाकाल और कोटेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक और पूजन किया जाएगा। आज से भगवान महाकाल को हल्दी का उबटन लगना प्रारंभ होगा।
शिव नवरात्रि के पहले दिन सुबह 8 से 9 बजे तक कोटितीर्थ कुंड पर स्थित श्री कोटेश्वर महादेव का शिव पंचमी पूजन-अभिषेक होगा। इसके बाद भगवान महाकालेश्वर का पूजन-अभिषेक शुरू होगा। पूरे नवरात्रि काल में 11 ब्राह्मणों द्वारा एकादश एकादशनी रूद्राभिषेक पाठ किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10.30 बजे पर होने वाली भोग आरती होगी।
दोपहर 3 बजे सांध्य पूजन के बाद भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। उन्हें नए वस्त्र और आभूषण धारण कराए जाएंगे। पहले दिन सोमवार को भगवान को कटरा, मेखला, दुपट्टा, मुकुट, मुंडमाला और छत्र से सजाया जाएगा। साथ ही हल्दी-चंदन का विशेष उपटन लगाया जाएगा। यह क्रम 25 फरवरी तक नौ दिनों तक चलेगा।
नौ दिन इन रूपों में दर्शन देंगे
भगवान महाकाल का आज चंदन से श्रृंगार, जलाधारी पर हल्दी अर्पित होगी। दूसरे दिन शेषनाग स्वरूप में श्रृंगार, तीसरे दिन घटाटोप श्रृंगार, चौथे दिन छबीना श्रृंगार, पांचवे दिन होलकर स्वरूप में श्रृंगार, छठे दिन मनमहेश स्वरूप में श्रंृगार, सातवें दिन उमामहेश श्रृंगार, आठवें दिन शिव तांडव श्रृंगार, नौवे दिन निराकार स्वरूप, दसवें दिन सेहरा दर्शन होंगे।