मोबाइल चार्जिंग की बात पर हुआ विवाद
उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकाल मंदिर के निगम द्वार पर रविवार शाम को एक सफाई कर्मचारी दंपति ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर गुजरात से आये एक दर्शनार्थी दंपति को बुरी तरह पीट दिया। मामले में पुलिस ने सफाईकर्मी पति-पत्नी सहित ३-४ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
महाकाल मंदिर के निर्गम द्वार पर स्थित सुलभ कांप्लेक्स पर रविवार शाम करीब ७ बजे मारपीट की यह घटना हुई है। गुजरात से आये दंपति यहां पर अपना मोबाइल चार्ज करना चाह रहे थे। इस बात पर यहां ड्यूटी कर रहे सफाई कर्मचारी श्यामलाल पारोचे और उसकी पत्नी गुंजा का इनसे विवाद हो गया।
बात बढ़ी तो इन्होंने आसपास ही सफाई कर्मी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे अन्य रिश्तेदारों को यहां बुला लिया और दर्शनार्थी दंपति को पाइप से पीटा। घटना की जानकारी मिलते ही महाकाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पति-पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की है।