लॉ कॉलेज की छात्रा ने कॉलेज के कम्प्यूटर ऑपरेटर पर लगाया आरोप, आरोपी गिरफ्तार
शाजापुर। लॉ कॉलेज की एक छात्रा ने वहीं कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत युवक पर पहले जबर्दस्ती करने और उसके बाद ब्लेकमेल करने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मामला 28 दिसंबर 2023 का है। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर दीनदयाल देशवाल से उसकी जान-पहचान 2019 से थी। दोनों के बीच सामान्य दोस्ती थी। 28 दिसंबर 2023 को दोपहर करीब 2 बजे आरोपी छात्रा के घर पहुंचा। उसने कहा कि उसकी मां बुला रही हैं। इस पर वह आरोपी के साथ लोदिंया रोड स्थित उसके घर चली गई।
वहां पहुंचने पर घर में कोई नहीं था। आरोपी ने घर का गेट अंदर से बंद कर दिया। उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और रेप का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर उसने मारपीट भी की। पीड़िता किसी तरह धक्का देकर वहां से भाग निकली।
घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को फोन कर धमकी देते हुए कहा कि अगर किसी को बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। डर के कारण छात्रा ने उस समय किसी को नहीं बताया। इसके बाद आरोपी उसका पीछा करने लगा। वह छात्रा के घर के सामने घंटों बैठा रहता और कॉलेज तक उसका पीछा करता। इससे परेशान होकर पीड़िता बीते शनिवार को घटना की जानकारी पुलिस को दी।