महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर षडयंत्रपूर्वक की थी पति की हत्या

फरार एवं इनामी आरोपी को 1200 किलोमीटर दूर से पुलिस ने किया गिरफ्तार

देवास, अग्निपथ। एक महिला ने सात माह पूर्व पति की हत्या प्रेमी के साथ षडय़ंत्र कर करवाई थी। इस मामले में प्रेमी हत्या के बाद से फरार था। पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि आरोपी को जिला लातेहार झारखंड में देखा है। पुलिस ने टीम बनाकर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए 1 हजार 200 किमी दूर भेजा वहां आरोपी को गिरफ्तार कर देवास लाए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता कर प्रकरण की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि आठ माह पूर्व 13 अक्टूबर 2024 को शहर के बीमा रोड़ स्थित मैनाश्री कॉलोनी में घटना सामने आई थी। जहां कांता बाडा ने अपने प्रेमी रुपक चौधरी के साथ मिलकर पति विश्वास पिता जीवन केरकेट्टा उम्र 55 साल निवासी 36 मैनाश्री पार्क कॉलोनी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने धारा 103 (1)बीएनएस का पंजीबद्ध कर प्रकरण को विवेचना में लिया था।

विश्वास किर्लोस्कर कंपनी में कार्यरत थे। इस घटना में मृतक की पत्नी कांता ने चोरी की एक झूठी कहानी पुलिस को बताई थी। लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ और गहन जांच से प्रकरण में सच्चाई सामने आ गई थी। पुलिस ने उसी दिन षडय़ंत्रकारी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था, वर्तमान में वह जेल में सजा काट रही है। इस प्रकरण में आरोपी पत्नी का प्रेमी रुपक चौधरी और उसका एक साथी फरार था। जिसमें प्रेमी रुपक को झारखंड रांची के जंगल में दबिश देकर सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

विमान से आए हत्या कर फरार हो गए

काफी प्लानिंग के साथ ये वारदात को अंजाम दिया गया था। पत्नी का प्रेमी और उसका एक साथी झारखंड से विमान में इंदौर आए वहां से देवास आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी विमान से फरार हो गए थे। एक आरोपी अभी फरार है जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।

आरोपी रुपक को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगा है। आरोपी सात माह की अवधी में फरारी में कहां-कहां रहा था इसकी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी रुपक चौधरी के विरुद्ध लुकईया थाना चंदवा जिला लातेहार झारखण्ड पुलिस थाने में दो अपराध पूर्व से पंजीबद्ध है।

पुलिस ने बताया कि महिला ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया था कि 13 अक्टूबर 2024 को सुबह करीब 8 बजे दो अज्ञात लोग उनके घर में घुसे उन्होंने मेरे सिर पर बंदूक रखी, उसके बाद चोरों ने हाथ में पहनी अंगूठी, व कान की बाली ले ली थी। मेरे पति उस दौरान कमरे में सो रहे थे, उन्होनें शोर की आवाज सुनी नींद खुली तो एक व्यक्ति ने कान के पास में हथोड़ा मारा दूसरे व्यक्ति ने कांता के कान पर बंदूक रख दी और अलमारी खोली पति को खून में देखकर कांता बेहोश हो गई।

और दोनों अज्ञात व्यक्ति चोरी के सामान और मोबाइल लेकर के फरार हो गए। होश आने के बाद कांता पड़ोस में रहने वाले अपने मामा को बुलाकर लाई और अपने पति को अस्पताल लेकर गई जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पत्नी कांता ने बताया की वह झारखंड राज्य के रांची जिले में केंद्रीय विद्यालय में नौकरी करती है। दशहरे की छुट्टी पर वह उनके लडक़े के साथ 8 अक्टूबर को पति के पास देवास आई थी। पति किर्लोस्कर कंपनी में नौकरी करते है। मूल रुप से झारखंड के ही रहने वाले है।

इनका रहा सराहनीय कार्य

आरोपी रुपक चौधरी को गिरफ्तार करने में सिविल लाइन थाना प्रभारी रोहित पटेल, उनि यश नाईक, प्रआर.संतोष रावत, सायबर सेल प्रआर.सचिन चौहान, आर योगेश कदम, युवराज, सोनू कुमार, भरत भाटी पुलिस लाईन की सराहनीय भूमिका रही।

Next Post

माता टेकरी पर भूस्खलन, कोई जनहानि नहीं

Mon May 5 , 2025
अष्टभुजा और कालिका माता मंदिर के बीच जाली टूटी, पत्थर गिरने से रपट मार्ग प्रभावित देवास, अग्निपथ। माता टेकरी पहाड़ी पर रविवार शाम को बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। अष्टभुजा माता मंदिर और कालिका माता मंदिर के बीच की पहाड़ी से पत्थर खिसककर सुरक्षा जाली को तोड़ते हुए रपट मार्ग […]