दो माह पहले शादी हुई, युवक की संदिग्ध मौत

खेत में उल्टी कर रहा था, भाई अस्पताल लाया

उज्जैन, अग्निपथ। पानबिहार थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गुनई जागीर में रहने वाले 20 वर्षीय युवक की दो माह पहले ही शादी हुई थी। गुरुवार को उसकी संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।पुलिस ने बताया बलराम पिता ताराचंद उम्र 20 साल निवासी ग्राम गुनई जागीर की दो माह पहले शादी हुई थी। गुरुवार को वह खेत में काम कर रहा था। उसका भाई अर्जुन भी खेत में ही काम कर रहा था। इसी दौरान बलराम ने भाई अर्जुन को चाय लेने के लिए भेजा। जब अर्जुन वापस खेत पर आया तो बलराम उल्टियां कर रहा था। उल्टी करते हुए उसे उसके भाई ने देखा। पूछने पर उसने कुछ बताया भी नहीं।

तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए जहां उपचार शुरू कर दिया गया था। चिकित्सकों के मुताबिक बलराम ने जहरीला पदार्थ खाया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर मर्ग कायम किया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया परिजनों के बयान लेने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जहर की पुष्टि होगी।

झारखंड से काम के लिए आया मजदूर करंट की चपेट में आया, मौत

चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित इंदौर–गरोठ रोड पर चल रहे कार्य में मजदूरी के लिए झारखंड से आए एक मजदूर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।

पुलिस ने बताया 15 दिन पहले झारखंड का रहने वाला मजदूर सतीश पिता देवनाथ उम्र 20 साल इंदौर–गरोठ रोड पर मजदूरी के लिए आया था। वो मक्सी रोड पर टापरी बनाकर उसी में रह रहा था। दो दिन पहले तेज हवा के साथ बारिश हुई थी इस दौरान बिजली का तार टूटकर उसकी टापरी पर गिर गया था। गुरुवार दोपहर वो टापरी के पतरे के संपर्क में आया जिसमें करंट फैल गया था। इसी करंट की चपेट में आकर वह चिपक गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

गनीमत रही कि अन्य मजदूर जो उसे बचाने आए वो करंट की चपेट में नहीं आए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और पहले करंट के तार को टॉपरी से अलग किया। इसके बाद मजदूर को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने शव बरामद कर उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Next Post

मंदिर विवाद में पुजारी ने पूर्व सरपंच को पीटा

Fri May 30 , 2025
गाली गलौज कर जान से की धमकी भी दी उज्जैन, अग्निपथ।माकड़ौन थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कड़ोदिया में राम मंदिर को लेकर चल रहे विवाद में गुरुवार को पुजारी और उसके रिश्तेदारों ने मिलकर पूर्व सरपंच के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने गाली गलौज कर पूर्व सरपंच को जान से […]