मध्यप्रदेश के भोपाल और इंदौर में कल से नाइट कर्फ्यू

भोपाल। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र के बाद अब मध्यप्रदेश और गुजरात में कोरोना अपने पैर पसार रहा है। तेजी से बढ़ रहे मामलों की वजह से मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में बुधवार से नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। MP में पिछले कुछ दिनों से रोजाना औसतन 600 से 700 मामले सामने आ रहे हैं। वहीं, गुजरात में अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू को 31 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि गुजरात के इन शहरों में पहले से ही नाइट कर्फ्यू लगा हुआ था, लेकिन इसका समय रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक था।

इस बीच महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में कोरोना के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, बीते दिन 21 हजार से ज्यादा नए मामले सिर्फ इन्हीं 8 राज्यों में आए थे। पिछले 24 घंटे में यह देश में सामने आए कुल नए केस का 86.39% है।

सोमवार को 24,437 पॉजिटिव मिले
देश में फिर एक बार 20 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं। सोमवार को 24,437 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 20,186 ठीक हुए और 130 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 4,104 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस महीने 15 दिन में 2 लाख 97 हजार 539 नए मरीज मिले हैं। 2 लाख 41 हजार 63 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 1,698 मरीजों ने जान गंवाई।

अब तक 1.14 करोड़ से ज्यादा संक्रमित
देश में अब तक कुल 1 करोड़ 14 लाख 9 हजार 595 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 10 लाख 25 हजार 631 ठीक हुए हैं। 1 लाख 58 हजार 892 ने जान गंवाई है, जबकि 2 लाख 20 हजार 401 हजार का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

प्रधानमंत्री कल करेंगे मुख्यमंत्रियों से चर्चा

नरेंद्र मोदी राज्यों में कोरोना से बने हालात और वैक्सीनेशन पर बुधवार को मुख्यमंत्रियों के साथ बात करेंगे। यह मीटिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी। इस बीच कुछ राज्यों में संक्रमण बढ़ने के बाद केंद्र ने वैक्सीनेशन की कवायद तेज कर दी है।

Next Post

फ्रीगंज मेंं मकान का छज्जा गिरा, व्यापारियों ने उद्योगपति पर लगाया आरोप

Tue Mar 16 , 2021
प्रशासन ने नहीं की कार्रवाई, पुलिस करेगी जांच उज्जैन,अग्निपथ। फ्रीगंज में मंगलवार को एक मकान का छज्जा गिर गया। हादसे में किसी को गंभीर चोंट नहीं आई, लेकिन व्यापारियों ने भवन मालिक और एक उद्योगपति पर दुकानें खाली करवाने के लिए तोडफ़ोड़ का आरोप लगाया है। मामले में माधवनगर पुलिस […]