तीसरे दिन दिव्य शृंगार दर्शन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालु
उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल मंदिर में चल रही शिव की नवरात्रि में तीसरे दिन रविवार को भगवान महाकाल ने भक्तों को लाल रंग के मखमली वस्त्रों एवं चांदी के शेषनाग धारण कर दिव्य दर्शन दिए। हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर दर्शन लाभ लिया।
महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष गुरु ने सुबह श्री कोटेश्वर महादेव का अभिषेक-पूजन व आरती की। इसके बाद गर्भगृह में 11 ब्राह्मणों ने अभिषेक किया। दोपहर में भोग आरती व बाद में संध्या पूजन हुआ। इसके बाद शाम का दिव्य शृंगार किया गया। वर्ष में केवल नवरात्रि के इन नौ दिनों तक ही कोटेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक-पूजन व आरती मंदिर समिति के द्वारा की जाती है।
