मुकेश भाटी और महेश परमार को अध्यक्ष बने 6 माह हो गये, आज अभा कमेटी के सहप्रभारी का आगमन
उज्जैन, अग्निपथ। शहर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी का विस्तार मुकेश भाटी को शहर अध्यक्ष और महेश परमार को ग्रामीण अध्यक्ष बने 6 माह का समय हो गया है, लेकिन अभी तक कमेटी का विस्तार नहीं हो पाया है। कांग्रेस के कार्यकर्ता कार्यकारिणी विस्तार की राह देख रहे हैं। आज अभा कांग्रेस कमेटी के सहप्रभारी संजय दत्त का आगमन हो रहा है। देखने वाली बात रहेगी कि वह इस बारे में क्या निर्णय लेते हैं?
ज्ञात रहे कि कार्यकारिणी के विस्तार के 15 फरवरी तक घोषित करने के निर्देश प्रदान किये गये थे। यह तिथि नजदीक है, लेेकिन कांगे्रस में कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता कार्यकारिणी के विस्तार की राह देख रहे हैं। जानकारी में आया है कि कार्यकारिणी विस्तार में 31 से 51 सदस्यों का मनोनयन किया जाना है। लेकिन अभी तक दोनों ही अध्यक्षों ने इस पर विचार नहीं किया है। बूथ कमेटी और वार्ड कमेटी का भी गठन किया जाना है, जिसमें क्रमश: 30-30 सदस्यों का मनोनयन किया जाना है।
संगठनात्मक चर्चा के लिये सहप्रभारी का आगमन
अ.भा. कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी संजय दत्त का आज 12 फरवरी को उज्जैन जिले का संगठनात्मक दौरा है। वह कार द्वारा दोप. 02.15 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। दोप. 02.30 बजे शहर कांग्रेस कमेटी उज्जैन द्वारा विधानसभा क्षेत्र दक्षिण के अंतर्गत आयोजित वार्ड कमेटी बैठक में सम्मिलित होंगे। अप. 03.30 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में उज्जैन शहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे।
इनका कहना है-
कार्यकारिणी गठन के लिये प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त किया जा रहा है। सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को इसमें जगह मिलेगी।
-अजय राठौर, शहर महासचिव कांग्रेस
