महाकाल मंदिर के पुरोहितों का विरोध: महाशिवरात्रि पर अभिषेक-पूजन की रसीदें बंद करने पर जताई नाराजगी

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के 22 पुरोहित धर्मस्व पुजारियों ने श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं उज्जैन कलेक्टर को पत्र लिखकर अभिषेक-पूजन की परंपरा को खंडित न होने देने की मांग की है। दरअसल, मंदिर प्रबंध समिति ने इस बार महाशिवरात्रि जैसे बड़े पर्व के दौरान व्यवस्था की कमी का हवाला देकर अभिषेक-पूजन की रसीदें काटने पर रोक लगा दी है।

परंपरा खंडित करने का आरोप

इतना ही नहीं, प्रशासन ने उन श्रद्धालुओं की राशि भी लौटा दी है जिन्होंने पहले से रसीदें कटा रखी थीं। श्री महाकालेश्वर मंदिर पुरोहित समिति के अध्यक्ष पंडित लोकेंद्र व्यास और सचिव पंडित दीपक शर्मा ने कहा कि महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों के अभिषेक-पूजन की सदियों पुरानी परंपरा को खंडित किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि महाकालेश्वर मंदिर शैव परंपरा का केंद्र है, जहां धर्म-शास्त्रों के अनुसार शिव की आराधना में अभिषेक का विशेष महत्व है।

प्रशासन के निर्णय से पुरोहितों और श्रद्धालुओं में रोष

पुरोहितों का कहना है कि मंदिर प्रशासन ने अधिकृत 22 पुरोहितों को विश्वास में लिए बिना ही 15 और 16 फरवरी को अभिषेक की रसीद नहीं काटने का निर्णय लिया है। यह निर्णय देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था पर चोट है। पुरोहितों ने मांग की है कि जिस प्रकार प्रशासन भेंट, दान, लड्डू प्रसाद और शीघ्र दर्शन के काउंटर लगाता है, उसी प्रकार अभिषेक-पूजन के लिए भी विशेष काउंटर लगाए जाने चाहिए।

आठ गुना बढ़ा क्षेत्रफल, फिर भी व्यवस्था का अभाव

पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में महाकाल लोक बनने के बाद मंदिर का क्षेत्रफल पहले से लगभग 8 गुना बढ़ गया है, ऐसे में व्यवस्था का हवाला देना तर्कसंगत नहीं है। सभी 22 पुरोहितों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि सनातन वैदिक धर्म के रक्षण और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए और अभिषेक संपन्न कराने की समुचित व्यवस्था की जाए।

Next Post

नागदा: अनियंत्रित ट्राले ने बुजुर्ग को रौंदा, मौके पर मौत; आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम

Fri Feb 13 , 2026
नागदा जंक्शन, अग्निपथ। उज्जैन-जावरा बायपास मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। गेहूं से भरे एक अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने […]
मौत

Breaking News