देवास में खाने के विवाद पर ढाबा संचालक की बेरहमी से पिटाई

देवास, अग्निपथ। बायपास स्थित एक ढाबे पर देर रात खाना नहीं मिलने की छोटी सी बात पर चार युवकों ने तांडव मचा दिया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने ढाबा संचालक की बेल्ट और डंडों से जमकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि ढाबे में तोड़फोड़ भी की। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

खाना खत्म होने पर भड़के युवक

घटना 12 फरवरी की रात की बताई जा रही है। एक कार में सवार होकर चार युवक ढाबे पर पहुंचे और खाने की मांग की। रात अधिक होने और स्टाफ की कमी का हवाला देते हुए जब संचालक ने खाना खिलाने से असमर्थता जताई, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते संचालक पर टूट पड़े। आरोपियों ने बेल्ट और डंडों से संचालक को लहूलुहान कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

घायल संचालक ने तत्काल डायल-100 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी की और घटना के महज 12 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अक्षय व्यास, निखिल नागर, देवेंद्र उर्फ देवा और दीपेश उर्फ राजा के रूप में हुई है।

मुख्य आरोपी का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस ने आरोपियों के पास से हमले में इस्तेमाल किए गए डंडे और बेल्ट भी जब्त कर लिए हैं। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Next Post

महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की जेबों पर डाका, महिला चोर गिरोह सक्रिय

Mon Feb 16 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान बाबा महाकाल की नगरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का लाभ उठाते हुए अंतर्राज्यीय महिला चोर गिरोह जमकर सक्रिय रहा। महाकाल मंदिर और रामघाट सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों में रविवार रात से सोमवार सुबह तक चोरी की अनेक वारदातें सामने आईं। महाकाल थाने […]
उज्जैन पुलिस फाइल

Breaking News