उज्जैन, अग्निपथ। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल (चरक भवन) के बाहर आगरा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने सोनोग्राफी सेंटर में पदस्थ वार्डबॉय को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वार्डबॉय के कंधे की हड्डी (कॉलर बोन) टूट गई है, जबकि उनके भाई को भी चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, गोविंद पिता किशोरीलाल हिरवे (45 वर्ष) निवासी तिलकेश्वर कॉलोनी जिला अस्पताल के सोनोग्राफी सेंटर में वार्डबॉय हैं। रविवार शाम उनका भाई सुनील उन्हें लेने के लिए अस्पताल आया था। जैसे ही दोनों भाई पैदल बाहर निकले, एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गोविंद और सुनील दोनों घायल हुए हैं। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
मकान निर्माण के विवाद में जेठ और भतीजों ने महिला का सिर फोड़ा
खाचरौद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम थड़ौदा में मकान निर्माण को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक महिला पर उसके जेठ और भतीजों ने फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला का सिर फट गया और अत्यधिक खून बहने पर उसे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घायल महिला मंजू पति बसंती लाल (40 वर्ष) निवासी ग्राम थड़ौदा ने बताया कि उनके पास एक बीघा पुश्तैनी जमीन है, जिसका दोनों भाइयों के बीच बराबर बंटवारा हो चुका है। मंजू अपने हिस्से की जमीन पर मकान बनाना चाहती है, लेकिन उसका जेठ मांगीलाल इस पर आपत्ति ले रहा है। इसी बात को लेकर हुए विवाद में मांगीलाल और उसके बेटों विजय व चेतन ने मंजू के साथ मारपीट की और फावड़े से सिर पर वार कर दिया।
फ्री फायर गेम का विवाद: भांजे ने मामा के सिर पर मारी लाठी
उज्जैन, अग्निपथ। माकड़ोन थाना क्षेत्र के ग्राम रावणखेड़ी में मोबाइल गेम ‘फ्री फायर’ को लेकर हुए विवाद में एक भांजे ने अपने ही मामा पर लाठी से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। घायल नरेंद्र तंवर (35 वर्ष) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नरेंद्र ने बताया कि उसका भांजा आनंद दिनभर मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता रहता है, जिससे परिवार के सभी लोग परेशान हैं। रविवार को जब वह चौराहे पर बैठकर गेम खेल रहा था, तभी नरेंद्र के पास एक जरूरी फोन आया और वह बात करने लगे। इस पर आनंद भड़क गया और बोला कि आप मुझे गेम खेलने में डिस्टर्ब कर रहे हो। मामा ने जब उसे समझाने की कोशिश की तो उसने गाली-गलौज की। इसके बाद जब नरेंद्र घर लौट रहे थे, तब आनंद ने रास्ते में गड्ढे में छुपकर उन पर पीछे से लाठी से वार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
