नागदा, अग्निपथ। स्टेट हाईवे नंबर 17 पर सोमवार का दिन हादसों भरा रहा। महज 9 घंटे के भीतर दो बड़ी सड़क दुर्घटनाएं सामने आईं, जिसमें वाहन तो पूरी तरह चकनाचूर हो गए, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इन हादसों के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे सामान्य करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दोनों ही मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना उज्जैन-जावरा बायपास मार्ग पर सोमवार रात लगभग साढ़े 11 बजे हुई। रूपाखेड़ी निवासी किसान गोपालसिंह पिता बापूसिंह आंजना (28 वर्ष) और विशालसिंह पिता पदमसिंह आंजना (24 वर्ष) जावरा से लहसुन बेचकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बस क्रमांक AR-01-W-5544 के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। हादसे में ट्रैक्टर चालक विशालसिंह को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जनसेवा अस्पताल ले जाया गया।
सरपंच नीलेशसिंह गुर्जर ने बताया कि बीएसएनएल द्वारा लाइन डालने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया था, जिसके आसपास बैरिकेड्स नहीं लगाए गए थे। ट्रैक्टर चालक ने गड्ढे से बचने का प्रयास किया, तभी पीछे से आ रही बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही टीआई अमृतलाल गवरी और बिरलाग्राम टीआई जितेंद्र पाटीदार मौके पर पहुंचे और यात्रियों को अन्य बस से नागदा भिजवाया।
हादसे के बाद टीआई ने सरपंच गुर्जर की जेसीबी के माध्यम से रात में ही गड्ढे को बंद करवाया और तड़के 3 बजे तक रिपेयरिंग का कार्य चलता रहा। इस दौरान भोपाल से लौट रहे विधायक पुत्र नरेंद्रसिंह चौहान भी मौके पर रुके और राहत कार्य में मदद की।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष की स्कॉर्पियो हुई दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे सवार
स्टेट हाईवे 17 पर ही दूसरा हादसा सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे ग्राम डाबरी में हुआ। यहाँ भाजपा ग्रामीण के पूर्व मंडल अध्यक्ष और वर्तमान जिला उपाध्यक्ष संदीप व्यास की स्कॉर्पियो (MP-09-BE-5172) और एक कार (MP-13-CB-9650) के बीच क्रॉसिंग के दौरान आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ के सहारे टिक गई, जिससे वह पलटने से बच गई। वहीं दूसरी कार सड़क पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी रही। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुँचाया। गनीमत रही कि इस बड़े हादसे में भी कोई प्राणघातक चोट नहीं आई, लेकिन वाहनों को भारी नुकसान पहुँचा है।
