उज्जैन, अग्निपथ। अवैध शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार एक आदतन अपराधी को बार-बार अपराध दोहराना भारी पड़ गया। आरोपी को पूर्व में न्यायालय ने जमानत दे दी थी, लेकिन जेल से बाहर आते ही वह फिर से इसी गोरखधंधे में संलिप्त हो गया। पुलिस अब तक इस आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत पांच बार गिरफ्तार कर चुकी है।
जमानत की शर्तों का उल्लंघन पड़ा भारी
पुलिस ने बताया कि आरोपी सुरेश सिंह पिता मोहन सिंह सौंधिया (31 वर्ष), निवासी ग्राम झूटावद, थाना महिदपुर को अवैध शराब तस्करी के आरोप में पांचवीं बार पकड़ा गया है। पूर्व में न्यायालय ने उसे इस शर्त पर जमानत दी थी कि वह दोबारा अपराध नहीं करेगा।
हालांकि, जेल से छूटते ही सुरेश ने उन शर्तों का उल्लंघन किया और फिर से तस्करी शुरू कर दी। जब वह दोबारा पकड़ा गया, तो अभियोजन पक्ष ने उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का हवाला देते हुए जमानत का कड़ा विरोध किया। न्यायालय ने तर्कों से सहमत होकर आरोपी की जमानत अर्जी निरस्त कर उसे जेल भेज दिया है।
बालिका से छेड़छाड़ और धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन, अग्निपथ। माकड़ौन थाना क्षेत्र के ग्राम औरंगपुर में एक बालिका के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है। आरोपी ने बालिका के अकेलेपन का फायदा उठाकर उसके साथ बदसलूकी की थी।
दुकान में घुसकर की थी बदसलूकी
पुलिस के अनुसार, आरोपी अशोक पिता गोवर्धन मालवीय, निवासी ग्राम औरंगपुर, पीड़िता के पिता की दुकान में सामान खरीदने के बहाने घुसा था। उस वक्त बालिका दुकान पर अकेली थी। आरोपी ने बुरी नियत से बालिका का हाथ पकड़ा और छेड़छाड़ शुरू कर दी। बालिका के शोर मचाने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। परिजनों के साथ थाने पहुंची बालिका की रिपोर्ट पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर लिया।
