नगरकोट में कचरा संग्रहण को लेकर विवाद: निगम कर्मचारियों पर हमला, तलवार लेकर दौड़ा आरोपी

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के नगरकोट मोहल्ले में शनिवार सुबह कचरा संग्रहण के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्थानीय निवासी ने नगर निगम के कर्मचारियों के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उन पर जानलेवा हमला भी कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर से तलवार और लाठी निकालकर हंगामा शुरू कर दिया। इस हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

सूखा और गीला कचरा अलग करने पर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, नगर निगम की कचरा गाड़ी हर रोज की तरह शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे नगरकोट मोहल्ले में पहुंची थी। गाड़ी के ड्राइवर कलीम और कचरा संग्रहण कर्मचारी जावेद अपना काम कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के कादिर नामक व्यक्ति से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने की बात को लेकर बहस शुरू हो गई। नियमों का पालन करने की सलाह देना कर्मचारी को भारी पड़ गया और मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

तलवार और लाठी लेकर किया हमला

कर्मचारियों ने बताया कि कादिर ने पहले उनके साथ बदतमीजी की और फिर मारपीट पर उतारू हो गया। मौके पर मौजूद सफाई दरोगा ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर था। वह अपने घर से तलवार और लाठी निकाल लाया, जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी कादिर वहां से भाग निकला।

कर्मचारियों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

इस घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Next Post

सिंहस्थ निर्माण कार्य के दौरान हादसा: करंट लगने से श्रमिक की मौत, चक्काजाम और हंगामा

Sat Mar 14 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। धर्मनगरी उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व से जुड़े निर्माण कार्यों के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शुक्रवार शाम को सड़क चौड़ीकरण के कार्य के दौरान करंट लगने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई। इस घटना के विरोध में शनिवार सुबह परिजनों और विभिन्न संगठनों ने चरक अस्पताल […]

Breaking News