सेवाधाम आकर मन गदगद हो गया-राज्यपाल

वृद्ध एवं दिव्यांगजनों से मुलाकात की, बच्चों ने पेश किए रंगारंग कार्यक्रम

उज्जैन। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल अपने प्रथम उज्जैन प्रवास के दौरान शनिवार को ग्राम अंबोदिया के सेवाधाम आश्रम पहुंचे। राज्यपाल ने सेवाधाम आश्रम में रहने वाले वृद्धजनों, नि:शक्त महिलाओं एवं बालिकाओं, अनाथ बच्चों से भेंट की। उन्होंने सभी से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य जानकारी ली।

सेवाधाम आश्रम के संचालक सुधीरभाई गोयल ने बताया कि आश्रम में करीब 700 लोग रह रहे हैं, जिनकी देखभाल उनके द्वारा की जाती है। राज्यपाल ने कहा कि सेवाधाम आश्रम की व्यवस्था एवं आश्रम द्वारा नि:शक्त महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की की जा रही सेवा देखकर उनका मन प्रशंसा से भर गया है। उनका मन आश्रम आकर गदगद हो उठा है। राज्यपाल ने कहा कि यहां कुछ बच्चे देख नहीं सकते हैं, बोल नहीं सकते हैं और सुन नहीं सकते हैं। बड़ी संख्या में अन्य दिव्यांगजन भी हैं।

राज्यपाल ने कहा दिव्यांगजन में यदि कोई कमी रहती है तो ईश्वर एक दूसरी विधा देकर उनकी कमी को पूरा कर देता है। उन्होंने संचालक सुधीरभाई गोयल की सराहना करते हुए कहा कि गोयल 32 वर्षों से सेवाधाम आश्रम का संचालन कर रहे हैं। आज के युग में अपने परिजन ही नि:शक्तजनों का साथ नहीं देते हैं, लेकिन सुधीरभाई गोयल उनकी एक सन्त की तरह देखभाल कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि व्यक्ति पैसे तो कमा लेता है, लेकिन उसके मन में सेवा का भाव आ जाये तो व्यवस्था सुधर सकती है। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों की सेवाधाम आश्रम में अच्छी तरह से देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि सभी लोग स्वस्थ रहें, निरोगी रहें और प्रसन्न रहें। उन्होंने कहा कि आश्रम आकर उन्हें बहुत ही अच्छा लगा है और पुन: वे एक बार और सेवाधाम आश्रम आयेंगे। राज्यपाल ने ई-रिक्शा में बैठकर सेवाधाम आश्रम परिसर का अवलोकन किया।

नि:शक्त महिला ने सुनाई कविता

इसके पूर्व राज्यपाल का परम्परागत रूप से पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया। उन्होंने विकलांग महिलाओं से भेंट की। कलकत्ता निवासी नि:शक्त महिला नीलिमा ने राज्यपाल को कविता सुनाई। राज्यपाल ने आश्रम परिसर में त्रिवेणी (बरगद, पीपल व नीम) का पौधारोपण किया। राज्यपाल के स्वागत में बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। पर्यावरण बचाने का सन्देश देते हुए सेवाधाम आश्रम के बच्चों ने आकर्षक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति की। पूर्व राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल द्वारा भिजवाई गई सामग्री का अवलोकन राज्यपाल श्री पटेल ने किया।

सेवाधाम आश्रम के संचालक सुधीरभाई गोयल ने कहा कि यह हमारे लिये गौरव का विषय है कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल का पदभार ग्रहण करते ही राज्यपाल श्री पटेल सेवाधाम आश्रम पधारे। उन्होंने सेवाधाम आश्रम के बच्चों के सिर पर प्रेम से हाथ फेरा, बुजुर्गों को गले लगाकर यह सन्देश दिया कि सेवा ही सर्वश्रेष्ठ है।

पटेल गुजरात में भी हमेशा गरीब लोगों की सेवा करते रहे हैं, इसलिये उन्हें सेवा का महत्व पता है। राज्यपाल ने इस अवसर पर गौरी पूजन कर गौमाता को चारा एवं गुड़ खिलाया। इस अवसर पर राज्यपाल को महाराज विक्रमादित्य की प्रतिमा भेंट की गई। राज्यपाल पटेल ने सेवाधाम आश्रम पर भोजन भी किया।

राज्यपाल के सेवाधाम आगमन के अवसर पर सेवाधाम विकास परिषद के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, राधेश्याम शर्मा, श्रीमती कान्ता गोयल, डॉ.अनिल भण्डारी, जयंती भाई, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र शुक्ल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा माटुंगा रोड स्टेशन की सभी महिला कर्मचारी का सम्मान

Sat Jul 10 , 2021
मुंबई। पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन हमेशा रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के साथ-साथ महिला कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल पर प्रोत्साहित करने के लिए तत्पर रहा है। इसी क्रम में 9 जुलाई, 2021 को इस संगठन की अध्यक्षा श्रीमती तनुजा कंसल ने माटुंगा रोड स्टेशन का दौरा किया […]

Breaking News