उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन-भोपाल रेल लाइन पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ रेलवे ब्रिज की मरम्मत करने पहुँची क्रेन गार्डर सहित नदी में जा गिरी। इस हादसे में हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन रेलवे को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और उज्जैन आने वाली ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
उज्जैन से भोपाल रूट पर शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर तराना स्टेशन के पास टिल्लर नदी पर बने ब्रिज पर यह घटना घटी। यहाँ दो ब्रिज से अप-डाउन ट्रेनों की आवाजाही होती है। इनमें से एक पुराने ब्रिज के गार्डर में खराबी होने के चलते गुरुवार से उसे बदलने का काम चल रहा था। शुक्रवार दोपहर जब क्रेन की मदद से गार्डर बदला जा रहा था, उसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण क्रेन गार्डर समेत सीधे नदी में जा गिरी।
बाल-बाल बचे कर्मचारी, यातायात प्रभावित
घटना की सूचना मिलते ही उज्जैन रेलवे स्टेशन से राहत दल को मौके पर रवाना किया गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। कर्मचारियों के अनुसार, अगर क्रेन थोड़ी और आगे गिरती तो ब्रिज टूटने की पूरी संभावना थी। फिलहाल एक ही ब्रिज से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक रूट को पूरी तरह सुचारू कर लिया जाएगा।
