उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित जीरो पॉइंट ब्रिज के नीचे ढांचा भवन क्षेत्र में शुक्रवार शाम 6.30 बजे एक बुजुर्ग महिला से ठगी की वारदात हो गई। दो बदमाशों ने बातों में उलझाकर 60 वर्षीय महिला से सोने के करीब 3.5 लाख रुपये कीमत के गहने उतरवा लिए। जब महिला घर पहुंची, तब उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शाम 6.30 बजे की है। सांदीपनि नगर ढांचाभवन निवासी राजू देवी पति गोपाल बागवरवाल (47 वर्ष) रोजाना की तरह शाम की सैर और मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। उन्होंने ज्ञानेश्वरी माता मंदिर पर दर्शन किए और आगे बढ़ी ही थीं कि अरविंद नगर वाले मोड़ पर दो युवक आए।
उन्होंने पता पूछने के बहाने महिला को रोककर बातों में उलझा लिया। युवकों ने उनसे पूछा कि क्या आप हमें पानी पिला सकती हैं? इस पर महिला ने कहा कि सामने से पानी की बोतल ले लो, वह पैसे दे देती हैं।
इसी दौरान एक युवक पानी की बोतल लेने चला गया और दूसरे युवक ने महिला को डराना शुरू कर दिया। उसने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ा खतरा है और चेन स्नेचिंग जैसी वारदातें हो रही हैं। युवक ने महिला से कहा कि आपने इतने गहने पहन रखे हैं, किसी की नजर पड़ गई तो आपके साथ अनहोनी हो सकती है। आप ऐसे खुले बाजार में सोने के टॉप्स पहनकर न निकलें।
बातों में फंसाकर बदमाशों ने महिला के कान के दोनों चेन सहित टॉप्स, जिनका वजन 2.5 तोला था, उतरवा लिए। बदमाशों ने गहनों को एक कपड़े में बांधकर उन्हें वापस दे दिया। इसके बाद दूसरा युवक पानी लेकर आया और महिला को पानी पिलाया। फिर उन्हें सुरक्षित घर जाने को कहा। महिला जब कपड़े की पोटली लेकर घर पहुंची और उसे खोला तो उसमें गहने नहीं थे। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने परिजनों को जानकारी दी और चिमनगंज थाने पहुंचे। थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
