उज्जैन, अग्निपथ। विष्णु सागर पर पिकनिक के दौरान लापता हुई ढाई साल की बच्ची का शव आज सुबह तालाब की गहराई में मिला। हेलावड़ी के तैराक दल जुम्मा और उसकी टीम ने तालाब से बच्ची का शव तलाश किया। बच्ची खेलते-खेलते तालाब में गिर गई थी, जिसकी तलाश कल दोपहर से की जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार नीलगंगा थाना क्षेत्र की राजीव रतन कॉलोनी में रहने वाले मनप्रीत सिंह की पत्नी श्वेता कौर अपनी ढाई साल की बच्ची को लेकर परिचित महिलाओं के साथ गुरुवार को विष्णु सागर पर पिकनिक मनाने गई थीं। सभी महिलाएं दोपहर 3.30 बजे बगीचे में बैठकर नाश्ता कर रही थीं, इसी दौरान तालाब किनारे खेलते हुए बच्ची पानी में डूब गई। मां ने जब बच्ची को आसपास नहीं पाया तो हड़कंप मच गया।
विष्णु सागर में मौजूद अन्य लोग भी बच्ची की खोजबीन में जुट गए। काफी देर तक जब बच्ची नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और तैराक दल को भी बुलाया गया। विष्णु सागर तालाब में मोटर बोट से सर्चिंग की गई। घटना का पता चलने पर डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार से बात की और चार टीमें बनाकर तालाब सहित चारों दिशाओं में सर्चिंग शुरू कराई। रात 11 बजे तक कुछ पता नहीं चला।
पुलिस टीम और तैराक दल आज सुबह भी 7 बजे से तलाश में जुट गए थे। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे हेलावड़ी के जुम्मा उर्फ इरफान की तैराक टीम पहुंची और पुलिस अधिकारियों से इजाजत लेकर विष्णु सागर में तलाश शुरू की। मात्र 10 से 15 मिनट में उन्होंने बच्ची को खोज निकाला। इसके बाद परिजन और पुलिस बच्ची को सीधे अस्पताल लेकर पहुंचे जहाँ डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया और इसके बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जुम्मा और उसकी टीम ने 10 मिनट में खोजा शव
हेलावड़ी के रहने वाले जुम्मा उर्फ इरफान, आशिक, अकबर, भच्चू, सिद्धिक मामा, अर्श खान, भैया, गोलू इरफान और आशिक शिप्रा नदी में बचपन से तैराकी करते आ रहे हैं। इन्हीं की टीम ने शिप्रा में डूबी महिला पुलिसकर्मी का शव भी तलाश किया था, जो दो दिन तक नहीं मिल पाया था। आज भी जुम्मा की टीम ने मात्र 10 मिनट में बच्ची को विष्णु सागर से तलाश लिया। मासूम की मौत की खबर सुनकर हर कोई दुखी है। पोस्टमार्टम रूम के बाहर परिवार, समाज और अन्य परिचित लोगों की भीड़ जुटी हुई थी।
