उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ महापर्व के अंतर्गत अधोसंरचना के विकास कार्यों का निर्माण प्रगतिरत है। विभिन्न विभागों के माध्यम से निर्माणाधीन कार्यों का सतत निरीक्षण संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है। शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सिंह ने सड़क निर्माण कार्य में देरी होने पर संबंधित निर्माण एजेंसी पर 05 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। संभागायुक्त सिंह ने सभी निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
संभाग आयुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए खजूरवाली मस्जिद से के.डी. गेट तक पैदल भ्रमण करते हुए मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। संभागायुक्त सिंह ने निर्देश दिए कि मार्ग चौड़ीकरण के कार्य की गति बढ़ाई जाए। इस बात का ध्यान रखें कि निर्माण कार्य में उपयोग में आने वाली सामग्री की गुणवत्ता में कोई कमी न रहे।
धीमी गति पर गिरी गाज, निर्माण एजेंसी को फटकार
संभागायुक्त सिंह ने सिंहस्थ 2028 के तहत रणजीत हनुमान मंदिर से सिंहस्थ बायपास वाया गोंसा तक 2.1 कि.मी. तक 04 लेन निर्माणाधीन सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क मार्ग के निर्माण कार्य की धीमी गति होने से कार्य की प्रगति प्रभावित होने पर निर्माण कार्य करने वाली संबंधित एजेंसी नारायण प्रसाद फूलचंद मिश्रा फर्म पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त सिंह व कलेक्टर सिंह ने जूना सोमवारिया में सड़क चौड़ीकरण कार्य, ब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद भूखी माता मंदिर के समीप निर्माणाधीन ब्रिज निर्माण कार्य का अवलोकन कर संबंधित विभाग व निर्माण करने वाली एजेंसी को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
