कर्ज के बोझ तले दबे युवक ने की आत्महत्या, पत्नी की साड़ी से बनाया फंदा

उज्जैन पुलिस फाइल

उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पद्मावती कॉलोनी में रहने वाले एक 34 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि युवक पिछले कुछ समय से भारी कर्ज के कारण मानसिक तनाव में था।

मृतक की पहचान आशीष (34) पिता रमेश शर्मा, निवासी पद्मावती कॉलोनी, कनीपुरा रोड के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी पूजा ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7:00 बजे आशीष शराब पीकर घर आए थे। नशे की हालत में उन्होंने विवाद किया और कहा कि उन पर कर्ज बहुत ज्यादा बढ़ गया है और अब वे जीना नहीं चाहते। पत्नी के अनुसार, आशीष पिछले 8 से 10 दिनों से लगातार आत्महत्या करने की बात कह रहे थे। बीती रात उन्होंने पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।

गौरतलब है कि आशीष और पूजा ने साल 2016 में प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद उनके दो बच्चे भी हुए। हालांकि, इस विवाह से नाराज परिजनों ने आशीष को घर से निकाल दिया था। वह मूल रूप से विजयगंज मंडी के रहने वाले थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जमीन और मकान के विवाद में बेटे ने पिता को लाठी से पीटा, हालत गंभीर

झारड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मकड़ा में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपने ही पिता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय बेटे ने अपने 50 वर्षीय पिता को लाठी से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पिता का आरोप है कि बेटे ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की बातों में आकर इस वारदात को अंजाम दिया है।

घायल गोपाल (50) पिता कान्हा जी सोलंकी ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4:00 बजे जब वह घर के बाहर थे, तभी उनके बेटे लालाराम ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। गोपाल के अनुसार, उनकी पत्नी के गांव के ही एक व्यक्ति मांगीलाल से संबंध हैं, जिसके चलते उन्होंने 6 महीने पहले पत्नी को घर से निकाल दिया था। पीड़ित का आरोप है कि उनकी मेहनत से खरीदा गया मकान और जमीन भी हड़प ली गई है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बोरिंग केबल चोरी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, 24 घंटे में मिली सफलता

नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम किठौदाराव से बोरिंग की केबल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं जो चोरी की केबल से कॉपर निकालकर बेचने की फिराक में थे।

ग्राम किठौदाराव निवासी रामसिंह जादौन ने 30 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 मार्च की रात करीब 1:00 बजे अज्ञात बदमाशों ने उनके बोरिंग की केबल काट दी और चोरी कर ले गए। चोरी गई केबल की कीमत करीब 15,000 रुपये बताई गई थी। थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम को तत्काल सक्रिय किया।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति चोरी की केबल जलाकर उसमें से कॉपर निकाल रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दूल्हा (37) पिता थावर सूर्यवंशी और रामचंद्र उर्फ रामचन्द्र पिता थावर सूर्यवंशी, निवासी ग्राम पीर कचरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Next Post

पुलिस अधीक्षक के नाम पर ठगी की कोशिश, पत्रकार की सतर्कता से नाकाम हुआ जालसाज

Tue Mar 31 , 2026
बड़नगर, अग्निपथ। तकनीकी युग में सोशल मीडिया पर फर्जी खाते बनाकर मासूम लोगों को ठगने वाले अपराधी सक्रिय हैं। शासन और प्रशासन की तमाम कड़ाई के बावजूद जालसाज अब बड़े अधिकारियों के नाम का सहारा लेकर धोखाधड़ी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप […]

Breaking News