उज्जैन में एमडी ड्रग्स के साथ महिला तस्कर समेत चार गिरफ्तार, राजस्थान से जुड़े हैं तार

उज्जैन, अग्निपथ। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पंवासा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंवासा मल्टी और गरोठ बायपास क्षेत्र से एक महिला तस्कर और उसके साथी को गिरफ्तार कर उनके पास से 55 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की है। पकड़ी गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

घेराबंदी कर बाइक सवार तस्करों को दबोचा

थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला और पुरुष नारंगी रंग की पल्सर बाइक से गरोठ ब्रिज के नीचे ड्रग्स की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना की तस्दीक होने पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पंवासा मल्टी के पास एक फ्लैट के करीब दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जावेद उर्फ खन्ना निवासी झालावाड़ (राजस्थान) और अलीशा उर्फ शमीम निवासी नानाखेड़ा (उज्जैन) के रूप में हुई है।

पूछताछ में फूटा नेटवर्क, दो और गिरफ्तार

प्रारंभिक पूछताछ में जावेद और अलीशा ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे उज्जैन के ही दो अन्य तस्करों से एमडी ड्रग्स खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचते थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऋतिक निवासी पंवासा और आदर्श भदौरिया निवासी गांधी नगर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, ऋतिक और आदर्श नशे की खेप उपलब्ध कराते थे, जबकि अलीशा उसे ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करती थी।

पल्सर बाइक और नशीला पदार्थ जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से नशीले पदार्थ के साथ ही तस्करी में उपयोग की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इन चारों आरोपियों—जावेद उर्फ खन्ना, अलीशा उर्फ शमीम, ऋतिक सौदे और आदर्श भदौरिया से सघन पूछताछ कर रही है ताकि शहर में सक्रिय ड्रग्स के अन्य ठिकानों और बड़े तस्करों का पता लगाया जा सके।

Next Post

वेदविद्या प्रतिष्ठान के सचिव की नियुक्ति पर हाईकोर्ट का कड़ा रुख: मांगा जवाब

Thu Apr 9 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान एक बार फिर विवादों के घेरे में है। हाल ही में एक छात्र की छड़ी से बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद संस्थान की देश भर में किरकिरी हुई थी और अब प्रतिष्ठान के सचिव विरूपाक्ष जड्डीपाल की नियुक्ति […]

Breaking News