उज्जैन, अग्निपथ। टीवी की आवाज कम करने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि एक पत्नी ने अपने पिता और भाइयों को बुलाकर पति पर जानलेवा हमला करवा दिया। पंथपिपलई गांव में हुई इस घटना में पति और उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जवाब में दूसरे पक्ष की ओर से भी लाठियां चलीं। नानाखेड़ा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है।
मामूली विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप
घटना बुधवार दोपहर की है। पंथपिपलई गांव निवासी संजय पिता धूलजी चौहान, जो पेशे से मिस्त्री है, अपने घर पर सो रहा था। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी सीमा बाई को टीवी की आवाज धीमी करने के लिए कहा। बस इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद से बचने के लिए संजय घर से निकलकर गांव में ही रहने वाले अपने माता-पिता के घर जाकर सो गया। लेकिन नाराज पत्नी ने अपने मायके ग्राम नागपुरा (सांवेर के पास) फोन कर पिता तोलाराम और भाइयों को बुला लिया।
लाठी और चाकू से घर में घुसकर किया हमला
शाम करीब साढ़े चार बजे सीमा के पिता तोलाराम और भाई राकेश, कालू, कैलाश अन्य साथियों के साथ संजय के माता-पिता के घर पहुंचे। वहां इन लोगों ने संजय पर लाठी और चाकू से हमला कर दिया। जब संजय के पिता धूलजी, मां सौरम बाई और भाई मोहन बीच-बचाव करने आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा। इस हिंसक झड़प में संजय को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संघर्ष के दौरान सीमा को भी मामूली चोटें आई हैं।
छह साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, संजय और सीमा का विवाह करीब छह साल पहले हुआ था और उनके दो बच्चे भी हैं। विवादों के चलते दोनों अपने माता-पिता से अलग गांव में ही दूसरे मकान में रहते थे। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना को लेकर तनाव और चर्चा का माहौल है।
