मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आष्टा में दी विकास की बड़ी सौगात, अनेक निर्माण कार्यों की घोषणा
सीहोर, अग्निपथ। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण के इतिहास में पहली बार महिलाओं को लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने वाला है। यह महिला सशक्तिकरण और नीति निर्माण में उनकी भागीदारी की दिशा में एक क्रांतिकारी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि भारत माता और बहनों के प्रति सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान है, जहाँ माताओं को देवी स्वरूप पूजा जाता है।
मुख्यमंत्री रविवार को आष्टा में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार निरंतर बहनों की उन्नति के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 65 लाख बहनें आर्थिक रूप से समृद्ध हुई हैं। इनमें से 12 लाख से अधिक बहनें आज लखपति दीदी बन चुकी हैं। सीहोर जिले का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि यहाँ 9,477 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे एक लाख से अधिक दीदियां जुड़ी हुई हैं और अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रही हैं।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 35वीं किश्त के रूप में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से भेजी। सीहोर जिले की 2,40,287 बहनों को 35 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक का लाभ मिला।
लोकार्पण एवं भूमिपूजन किए गए कार्यों का विवरण
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 184 करोड़ 92 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने 115 करोड़ 32 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें आंगनवाड़ी भवन, पार्वती नदी पर घाट निर्माण, नेवज नदी का पुनरुद्धार, सांदीपनि स्कूल भवन और स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। वहीं, 69 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिसमें विभिन्न सडक़ मार्ग, पुलिस आवास, बालक छात्रावास, सामुदायिक भवन और पेयजल योजनाएं शामिल हैं।
किसान कल्याण और कृषि क्षेत्र में बढ़ते कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में कृषि और किसानों को समृद्ध बनाने के लिए ‘किसान कल्याण वर्ष’ मनाया जा रहा है। सिंचाई का रकबा पिछले दो वर्षों में 10 लाख हेक्टेयर बढक़र अब 55 लाख हेक्टेयर हो गया है। सरकार किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और 2625 रुपये के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जा रही है। किसानों को मात्र 5 रुपये में बिजली कनेक्शन और खेतों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन को भी विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है।
सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण और बच्चों से संवाद
मुख्यमंत्री ने आष्टा में 61 करोड़ रुपये और जावर में 39 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने स्कूल के बच्चों से संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा। जब मुख्यमंत्री ने निजी स्कूलों से यहाँ आने वाले बच्चों के बारे में पूछा, तो 32 विद्यार्थियों ने हाथ उठाकर बताया कि वे प्राइवेट स्कूल छोडक़र यहाँ आए हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे शिक्षा प्राप्त कर देश के अच्छे नागरिक बनें और राजनीति के क्षेत्र में भी नेतृत्व करने के लिए आगे आएं।
आष्टा विधायक की मांग पर अनेक बड़ी घोषणाएं
विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने आष्टा के लिए विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। उन्होंने आष्टा में आईटीआई खोलने, जूनियर बालिका छात्रावास, क्षतिग्रस्त गवाखेड़ा वेस्टवियर नहर सुधार, भोपाल नाका से कन्नौद रोड का चौड़ीकरण, जावर में सडक़ चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण, अनुसूचित जाति छात्रावास में सीट वृद्धि और कन्या महाविद्यालय में छात्रावास निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा जावर में विज्ञान संकाय महाविद्यालय, गुराडिया खुर्द बैराज, दूधी नदी पर बैराज और प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में पूर्ण विद्युतीकरण जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।
आष्टा में ऐतिहासिक रोड शो और भव्य स्वागत
आष्टा नगर ने मुख्यमंत्री के आगमन पर एक ऐतिहासिक दृश्य देखा। लगभग दो किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान जनसैलाब उमड़ पड़ा। नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर और पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान 35 से अधिक विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संस्थाओं ने मुख्यमंत्री को बाबा महाकाल, भगवान राम, कृष्ण और राजा भोज के चित्र भेंट किए। पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल था और मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता से जनता का अभिवादन स्वीकार किया।\
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री अंबेडकर धर्मशाला पहुँचे और बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने संविधान निर्माण में बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी राष्ट्र को सही दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से बाबा साहब के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, विधायक सुदेश राय, आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें व नागरिक उपस्थित रहे।
