धार में हरियाली का महाअभियान, 27 स्थलों पर रोपे जाएंगे 3.55 लाख से अधिक पौधे

धार, अग्निपथ। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में धार जिला एक बड़ी पहल करने जा रहा है। आगामी वर्षाकाल में जिले के 27 चिन्हित स्थलों पर 3.55 लाख से अधिक पौधे रोपने की व्यापक तैयारी पूरी कर ली गई है। वन विभाग द्वारा इस महाअभियान के तहत 835.178 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित आवरण से आच्छादित किया जाएगा। वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टीआर ने बताया कि यह पौधारोपण कार्य धार, धामनोद, मांडव, सरदारपुर, टांडा, बाग और कुक्षी परिक्षेत्रों में किया जाएगा। इस अभियान की खास बात यह है कि इसमें स्थानीय जलवायु के अनुकूल विविध प्रजातियों का चयन किया गया है, जिससे जैव-विविधता को मजबूती मिलेगी।

स्थानीय प्रजातियों से सजेगा हरित पट्टा

अभियान के तहत सागौन, नीम, आंवला, खैर, अमलताश, अर्जुन, जामुन, इमली, सीताफल, कचनार, महुआ, बांस, शीशम और बहेड़ा सहित अनेक उपयोगी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इस बार विभाग ने केवल पौधे लगाने पर ही नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और सिंचाई पर भी विशेष फोकस किया है। अक्सर पानी के अभाव में पौधे दम तोड़ देते हैं, इसलिए इस बार प्रत्येक क्षेत्र में कर्मचारियों को पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जल संरक्षण के लिए बनाई कंटूर ट्रेंच

पहाड़ी इलाकों में पौधों की उत्तरजीविता बढ़ाने के लिए विशेष तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। जिले का अधिकांश वन क्षेत्र पहाड़ों पर स्थित है, इसलिए वहां कंटूर ट्रेंच का निर्माण कराया गया है। इससे वर्षा जल का संचयन होगा और पौधों को लंबे समय तक नमी मिलती रहेगी। इसके साथ ही फेंसिंग और पशु-अवरोधक खाइयों का निर्माण भी समय-सीमा में पूरा कर लिया गया है। जुलाई माह से शुरू होने वाले इस कार्य के लिए गड्ढों की खुदाई पूरी हो चुकी है।

परिक्षेत्रवार पौधारोपण की स्थिति

जिले में विभिन्न स्थानों पर होने वाले पौधारोपण का विवरण इस प्रकार है:

स्थान पौधों की संख्या क्षेत्रफल (हेक्टेयर)
धार 25000 50
सरदारपुर 85178 100.118
टांडा 55625 105
कुक्षी 102500 410
बाग 62500 120
धामनोद 25000 50

वन विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर धार को हरित और समृद्ध बनाने में अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान करें।

Next Post

उज्जैन में गैंगवार का खौफ: हिस्ट्रीशीटर अनमोल गुर्जर ने युवक पर चलाई गोली, जांघ में धंसी प्लास्टिक की रहस्यमयी वस्तु

Tue Apr 14 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। शहर में एक बार फिर गैंगवार की आहट सुनाई देने लगी है। ताजा मामले में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने अपने साथी के साथ मिलकर विष्णुपुरा निवासी एक युवक पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर को घायल करते हुए जांघ में जा घुसी। पुलिस इस […]

Breaking News