उज्जैन, अग्निपथ। शहर में एक बार फिर गैंगवार की आहट सुनाई देने लगी है। ताजा मामले में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने अपने साथी के साथ मिलकर विष्णुपुरा निवासी एक युवक पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर को घायल करते हुए जांघ में जा घुसी। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है, क्योंकि ऑपरेशन के दौरान घायल के शरीर से गोली के बजाय प्लास्टिक का एक टुकड़ा बरामद हुआ है।
शादी से लौटते समय हुआ हमला
थाना प्रभारी अनीला कैथवास के अनुसार, विष्णुपुरा निवासी 25 वर्षीय लव पिता चंद्रकांत निर्मल सोमवार रात अपने दोस्त रोहित उर्फ हकला की शादी में शामिल होने के लिए करोहन गया था। लव अपनी बाइक से घर से निकला था, लेकिन उसने अपनी बाइक हीरा मिल ब्रिज के पास पुराने सामुदायिक भवन के नीचे खड़ी कर दी और वहां से अपने दोस्तों ध्रुव और देव के साथ दूसरी बाइक पर बैठकर विवाह समारोह में चला गया।
रात लगभग 11:30 बजे जब वह शादी से वापस लौटा और सामुदायिक भवन के नीचे से अपनी बाइक निकालने लगा, तभी वहां घात लगाए बैठे हिस्ट्रीशीटर अनमोल गुर्जर और जय उर्फ बच्चा पहुंच गए। अनमोल ने आते ही लव पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली लव के बाएं पैर को छूते हुए दाहिनी जांघ में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद अनमोल और जय मौके से फरार हो गए।
जख्म के अंदर मिला प्लास्टिक का टुकड़ा, डॉक्टर हैरान
गंभीर रूप से घायल लव को उसके दोस्त ध्रुव और देव तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट किया। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर उस समय अचंभित रह गए जब लव की जांघ से गोली की जगह प्लास्टिक का एक टुकड़ा निकला। इस रहस्यमयी बरामदगी ने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया है।
थाना प्रभारी का कहना है कि घटनास्थल पर गोली चलने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। डॉक्टर द्वारा कराए गए एक्सरे की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह हमला किस तरह के हथियार से किया गया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घायल के शरीर में प्लास्टिक का टुकड़ा कहां से और कैसे पहुंचा।
पुलिस की गिरफ्त में एक आरोपी, मुख्य हमलावर फरार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों बाद एक आरोपी जय उर्फ बच्चा को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। हालांकि, मुख्य आरोपी अनमोल गुर्जर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह भी जांच की जा रही है कि क्या घायल लव का संबंध जीतू बुंदेला गैंग से है, हालांकि अब तक की जांच में ऐसे कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।
चार दिन में तीसरी बड़ी वारदात, सुरक्षा पर सवाल
उज्जैन में पिछले चार दिनों के भीतर यह तीसरी बड़ी वारदात है, जिसने कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। 9 अप्रैल को आगजनी की घटना हुई, जिसका खुलासा 11 अप्रैल को वीडियो वायरल होने पर हुआ। इसी बीच 10 अप्रैल को ढांचा भवन क्षेत्र में ही 12वीं के छात्र अतीक माहुरकर पर फायरिंग हुई थी, जिसे रोशन गैंग का साथी माना जाता है। अब तीसरी वारदात भी इसी क्षेत्र के आसपास हुई है। इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है और गैंगवार की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस प्रशासन का पक्ष
हमारी नजरों में यह गैंगवार नहीं है। यह अलग-अलग समय पर हुई व्यक्तिगत वारदातें हैं, जिनमें प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। हर मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। — गुरुप्रसाद पाराशर, एएसपी
