धार में उर्स से लौट रहे परिवार पर हमला: ओवरटेक के विवाद में मारपीट

धार, अग्निपथ। धार जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बियाबानी उर्स से लौट रहे एक परिवार के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। ग्राम चंदावड़ चौराहे पर हुए इस विवाद में आरोपी ने न केवल रास्ता रोका, बल्कि पुलिस की उपस्थिति में भी गाली-गलौज और दबंगई जारी रखी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

बाइक अड़ाकर रोका रास्ता और की मारपीट

फरियादी रेहान शेख १५ अप्रैल २०२६ की रात करीब एक बजे अपने परिवार के साथ बियाबानी मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम चंदावड़ में मुंडला निवासी राजकुमार मुवेल ने ओवरटेक की बात पर विवाद शुरू कर दिया। आरोपी ने अपनी बाइक कार के सामने खड़ी कर रास्ता रोक लिया, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। आरोपी ने रेहान के साथ हाथापाई की, जिससे वाहन में सवार महिलाओं को भी चोटें आईं।

पुलिस के सामने भी जारी रहा हंगामा

घटना की सूचना मिलने पर जब धरमपुरी थाने की पुलिस मौके पर पहुँची, तब भी आरोपी का हौसला कम नहीं हुआ। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी लगातार गाली-गलौज कर रहा था और महिलाओं के चीखने-पुकारने के बाद भी मारपीट पर आमादा था। इस घटना से उर्स के श्रद्धालुओं में भय का माहौल है। पुलिस ने आरोपी राजकुमार मुवेल के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Next Post

धार नगरपालिका डामर घोटाला: रिटायर्ड सीएमओ समेत पांच पर गिरी गाज, रुकी पेंशन और वेतनवृद्धि

Thu Apr 16 , 2026
धार, अग्निपथ। धार नगरपालिका परिषद में वर्ष 2019-20 के दौरान हुए बहुचर्चित डामर घोटाले में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 27 लाख 87 हजार 640 रुपये की सामग्री खरीदी में हुए भ्रष्टाचार और नियमों की घोर अनदेखी के मामले में तत्कालीन मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) […]