एसपी के निर्देश पर भाई-भतीजों सहित 4 पर केस दर्ज
सीहोर। शहर के मंडी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। यहां दबंगों ने अपनी ही भतीजी के पेट में लात मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने आरोपियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
एसपी के आदेश और सीएसपी अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में मंडी थाना टीआई सुनील मेहर ने त्वरित एक्शन लिया है। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयानों के आधार पर सगे भाई और भतीजों सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खसरा नंबर बदलकर जबरन बनाई जा रही थी सड़क
यह पूरा विवाद गणेश मंदिर के पास स्थित बेशकीमती कृषि भूमि को लेकर चल रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष खसरा नंबर की तय जमीन को छोड़कर जबरदस्ती उनकी निजी भूमि पर कब्जा करना चाहता था। दबंग वहां डरा-धमका कर अवैध रूप से सड़क का निर्माण कर रहे थे।
इसी बात का विरोध करने पर आरोपी जगदीश, सुरेश, गोरधन, रामचंदर, गेंदालाल और विजय सहित अन्य लोगों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला कमला कुशवाह और उनकी बेटी सुनीता की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में सुनीता के पेट में गंभीर चोट आई है।
अस्पताल पहुंचकर दर्ज किए बयान, आरोपियों की तलाश तेज
मंडी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल सुनीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है। इसके बाद प्रधान आरक्षक प्रमोद तोमर ने तत्काल अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज किए।
पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर आरोपी गेंदालाल कुशवाह, जगदीश कुशवाह, रामचंदर कुशवाह और नीरज कुशवाह के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115 और 118 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जबरन जमीन हड़पने का आरोप है। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

