स्वास्थ्य मिशन का फर्जी उपसंचालक बनकर ठगी करने वाला गिरफ्तार; ट्रांसफर का झांसा देकर की थी एक लाख की धोखाधड़ी

पोलायकलां, अग्निपथ। सरकारी कर्मचारियों को मनचाहे स्थान पर स्थानांतरण कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पोलायकलां पुलिस ने अनूपपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश का उपसंचालक बताकर एक सरकारी कर्मचारी से एक लाख रुपये ऐंठ चुका था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और शुजालपुर न्यायालय में पेश किया।

फर्जी अधिकारी बनकर कर्मचारी को बनाया शिकार

चौकी प्रभारी दीपक धुर्वे के अनुसार आरोपी ने स्वयं को एनएचएम का उपसंचालक बताकर पीड़ित कर्मचारी से संपर्क साधा था। उसने ट्रांसफर का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन रुपये जमा करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। शाजापुर पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी निमेष देशमुख के निर्देशन में थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

तकनीकी जांच से अनूपपुर में मिली सफलता

पुलिस टीम ने मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेन-देन के तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। सुराग मिलते ही टीम अनूपपुर जिले के कोतमा पहुंची और आरोपी महेंद्र पिता शेषमणि तिवारी (38) निवासी उतरन को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ शुजालपुर मंडी थाने में भी इसी तरह का अपराध दर्ज है।

अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच जारी

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उसने इस वारदात में किन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का उपयोग किया था। साथ ही इस फर्जी नेटवर्क में शामिल अन्य गिरोह और शिकार बने लोगों के संबंध में विस्तृत पड़ताल की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक उमेद खान, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र चौहान तथा साइबर सेल टीम की मुख्य भूमिका रही।

Next Post

संत कमल किशोर नागर की सुरक्षा बढ़ाने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर निकाली पैदल रैली

Wed Sep 9 , 2026
बदनावर, अग्निपथ। मालवा के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कमल किशोर नागर को हाथ से लिखे पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही गुरुभक्तों और गौभक्तों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। बुधवार को बड़ी चौपाटी स्थित […]