साध्वी ज्ञानेश्वरी पुरी ने की महाकाल प्रशासक को हटाने की मांग, जनसुनवाई में शिकायत

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष से मंदिर में दर्शन के दौरान हुई अभद्रता से नाराजगी

उज्जैन, अग्निपथ। निरंजनी अखाड़े की महंत साध्वी ज्ञानेश्वरी पुरी ने महाकाल मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक को हटाने की मांग की है। उन्होंने इसे लेक मंगलवार को हुई जनसुनवाई में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।वे महाकाल मंदिर में पिछले दिनों दर्शन के दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज के साथ हुई अभद्रता से नाराज है।

कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में उन्होंने लिखित में शिकायती आवेदन देकर कहा कि प्रशासक कौशिक न केवल अपने रवैए से मंदिर की बल्कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी छवि खराब कर रहे हैं। साध्वी ने कहा कि 13 अखाड़ों के अध्यक्ष के साथ मंदिर में हुई अभद्रता से साधु-संत समाज में नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के अंदर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो वे इस मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठेंगी।

कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया

साध्वी ज्ञानेश्वरी पुरी ने आरोप लगाया कि दर्शन के दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष के साथ अभद्रता होने के बावजूद मंदिर समिति ने अब तक किसी भी कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है। समिति कर्मचारियों व अधिकारियों को बचाने में लगी है। कर्मचारियों, अधिकारियों के बचाव से लगता है कि इस पूरे मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की भी गलती रही है। इसी कारण वे सभी को बचाने में लगे हैं।

संतों के साथ अभद्रता की पहले भी हो चुकी हैं घटना

महाकाल मंदिर में यह पहला मौका नहीं है, जब मंदिर में दर्शन के दौरान साधु-संतों के साथ अभद्रता हुई हो। इससे पहले भी कई बार संतों का अपमान हुआ है। संत समाज का मानना है कि आगामी कुंभ मेले को देखते हुए मंदिर की व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में प्रथम कौशिक को प्रशासक पद से तत्काल हटा देना चाहिए। क्योंकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह नगर होते हुए विश्व प्रसिद्ध मंदिर में इस तरह की घटना नहीं होना चाहिए। इससे सभी की छवि पर असर पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन: औचक निरीक्षण में बंद मिला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मेडिकल ऑफिसर को नोटिस

Tue Nov 10 , 2026
सीएमएचओ डॉ. रघुवंशी ने नारायणा, कालूहेड़ा और पानबिहार के स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएमओ को भी किया तलब उज्जैन, अग्निपथ। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने निकले मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी को औचक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणा बंद मिला। इस […]

Breaking News