टक्कर से एक युवक सडक़ किनारे कुएं में जा गिरा
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे पर सोमवार रात सुहाग पड़वा के दौरान बेडावन्या गांव के पास बाइक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। टक्कर के बाद एक युवक उछलकर सडक़ किनारे स्थित कुएं में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान गजानन पिता हितेंद्र सनी उम्र 26 वर्ष निवासी सी ब्लॉक टापरी, बिरलाग्राम के रूप में हुई है। वहीं घायल नीरज (22) पिता संतोष निवासी बिरलाग्राम मल्टी बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक और कार की टक्कर के बाद एक युवक सडक़ पर गिरा, जबकि दूसरा उछलकर पास के कुएं में जा गिरा।
देरी से पहुंची एंबुलेंस, लोगों का गुस्सा फूटा
टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। ग्रामीणों के मुताबिक, एम्बुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लगा। इसको लेकर लोगों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण सडक़ पर जमा हो गए।
भाजपा नेता ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के दौरान भाजपा नेता लखन गुर्जर लेकोडिय़ा गांव से नागदा की ओर आ रहे थे। रास्ते में दुर्घटना देखकर उन्होंने अपनी कार रोकी और घायल नीरज को तत्काल शासकीय अस्पताल नागदा पहुंचाया। फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पूर्व विधायक ने दिया एक हफ्ते का अल्टीमेटम
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक की मौत पर दुख जताते हुए हाईवे पर पर्याप्त संकेतक और स्पीड ब्रेकर नहीं होने को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर सडक़ सुरक्षा जुड़े इंतजाम नहीं किए गए तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटनास्थल पर भीड़ और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए खाचरौद तहसीलदार, नागदा थाना प्रभारी और खाचरौद थाने का पुलिस बल पहुंचा। बिरलाग्राम थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने बताया कि पुलिस ने रात में ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाकर मार्ग खाली कराया, जिससे यातायात सुचारू किया जा सके।

