सीहोर, अग्निपथ। सीहोर के वन मंडल कार्यालय में फर्जीवाड़े का एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक आवेदक ने मामले का खुलासा करते हुए वन मंडल अधिकारी को लिखित आवेदन दिया है। आवेदक का आरोप है कि एक फर्जी प्रमाणक के जरिए शासन के खाते से 49700 रुपये का अवैध भुगतान कराया गया है। इस पूरे मामले की शिकायत की एक प्रति मुख्य वन संरक्षक भोपाल को भी भेजी गई है।
बिलकिसगंज बीट से जुड़ा है पूरा मामला
यह पूरा मामला बिलकिसगंज बीट का बताया जा रहा है। यहां कक्ष क्रमांक 54, 55 और 56 में पैदल मानसून गस्ती कार्य के नाम पर बीटीआर 189/3 दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के तहत कुल 49700 रुपये की राशि का भुगतान किया गया है। आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि उक्त प्रमाणक उनके द्वारा तैयार नहीं किया गया है और उस पर न तो उनके हस्ताक्षर हैं और न ही किसी प्रकार की आधिकारिक सील का उपयोग किया गया है।
कूट रचना और कठोर कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने आवेदन में मांग की है कि यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, कूट रचना अथवा फर्जी हस्ताक्षर के जरिए भुगतान कराया जाना पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेखों, दस्तावेजों और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए ताकि साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न हो सके।
वनों की सुरक्षा और मानसून गश्त पर उठे सवाल
यहां यह उल्लेखनीय है कि वर्षा काल के दौरान जंगलों में अवैध कटाई, अतिक्रमण, वन्यजीव शिकार और अवैध उत्खनन जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए मानसून गश्त की कार्रवाई की जाती है। आरोप है कि इसी व्यवस्था की आड़ में फर्जी प्रमाणक तैयार करके शासन के खाते से लंबी रकम निकाली जा रही है, जबकि सीहोर जिले के वनों की जमीनी हकीकत किसी से छिपी नहीं है और जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियां लगातार जारी हैं।

