शाजापुर में 8.3 डिग्री पहुंचा रात का पारा, सर्द हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी

शाजापुर, अग्निपथ। शाजापुर जिले में पिछले तीन दिनों से सर्दी का असर तेज हो गया है। जिले के पास स्थित ग्राम गिरवर में बीती रात न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार रात यहां पारा 7.7 डिग्री पर था। सुबह कोहरा छाने के साथ अब दोपहर में भी सर्द हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने जिले में शीत लहर का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

दिन में सर्द हवाएं और रात 8 बजे बाद सिमटती आवाजाही

दोपहर के समय चल रही ठंडी हवाओं से राहगीरों और वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं शाम ढलते ही ठंड और तेज हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि रात 8 बजे के बाद गलन बढ़ने से लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इसके चलते बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम हो रही है तथा लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं।

हरियाली और जल स्रोतों के कारण अधिक ठंड, बीमारी का खतरा

गिरवर और आसपास के गांवों में अन्य इलाकों की अपेक्षा अधिक सर्दी महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में हरियाली, नहर और तालाब मौजूद होने से ठंड का प्रभाव ज्यादा रहता है। सुबह कोहरे और रात में हल्की धुंध के बीच लगातार बदलते मौसम से जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा ग्रामीणों के बीच बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News