उज्जैन : एलिवेटेड ब्रिज के निर्माण के लिए दोबारा टूटेंगे घर और दुकान

2016 में जमीन देने वालों के सब्र का बांध टूटा, बोले अब नहीं देंगे एक इंच भी

उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड ब्रिज के निर्माण ने देवास गेट से गधा पुलिया क्षेत्र के रहवासियों और व्यापारियों की बेचैनी अचानक बढ़ा दी है। शुक्रवार दोपहर नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नपती की और मकानों, होटलों तथा दुकानों पर निशान लगा दिए।

अचानक हुई इस मार्किंग से इलाके में हड़कंप मच गया और संपत्ति टूटने की आशंका से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सबसे बड़ी पीड़ा उन परिवारों की है, जो वर्ष 2016 के सिंहस्थ के समय सड़क चौड़ीकरण में अपनी जमीन और मकान का हिस्सा पहले ही दे चुके हैं, लेकिन अब एक बार फिर उनकी संपत्तियों पर निशान लगा दिए गए हैं।

एलाइनमेंट में फेरबदल पर उठे तीखे सवाल

नपती के दौरान मौके पर मौजूद होटल और दुकान संचालकों ने अधिकारियों के सामने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। प्रभावित लोगों का कहना है कि एलिवेटेड ब्रिज का काम निर्धारित मास्टर प्लान और प्रस्तावित 30 मीटर के दायरे के अनुरूप किया जाना चाहिए। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार पहले देवास गेट से इंदौर गेट तक ब्रिज की चौड़ाई 24 मीटर प्रस्तावित थी, जिसे व्यापारियों की आपत्ति के बाद घटाकर 19.60 मीटर किया गया था।

इसके बावजूद गधा पुलिया क्षेत्र में कुछ मकानों को पूरी तरह प्रभावित करने वाली स्थिति बनती दिख रही है। रहवासियों का सवाल है कि जब पहले आपत्तियों पर एलाइनमेंट बदला जा सकता था, तो अब यहां के लोगों को राहत देने से क्यों कतराया जा रहा है।

2016 की कुर्बानी के बाद फिर उजड़ने का डर

स्थानीय निवासी विवेक ठाकुर ने बताया कि सिंहस्थ-2016 के दौरान भी उनका मकान सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आया था और उन्होंने स्वेच्छा से उसका हिस्सा दे दिया था। अब उसी मकान पर फिर से निशान लगाए जाने से परिवार में चिंता गहरा गई है। उनके चाचा सहित आसपास के अनेक परिवार भी इस संभावित कार्रवाई से प्रभावित हो सकते हैं।

विवेक ठाकुर का कहना है कि जब कुछ अन्य संपत्तियों को बचाने के लिए चौड़ाई कम की जा सकती है, तो यहां के रहवासियों की आपत्तियों को सुनकर घरों को बचाने का समाधान भी निकाला जाना चाहिए। उन्होंने किसी भी परिवार को बेघर न करने की मांग करते हुए न्यायालय से स्टे मिलने का दावा भी किया और चेतावनी दी कि यदि स्टे के बावजूद कार्रवाई की गई तो अवमानना की कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिष्ठानों पर बैनर और रोजी-रोटी का संकट

प्रभावित होटल व दुकान संचालकों ने संभावित तोड़फोड़ के विरोध में अपने प्रतिष्ठानों के बाहर बैनर टांगकर नाराजगी जताई है। बैनरों पर लिखा गया है कि एलिवेटेड ब्रिज के नाम पर लोगों की रोजी-रोटी न छीनी जाए, क्योंकि वर्ष 2016 में पहले ही जमीन दी जा चुकी है और इस बार जमीन नहीं दी जाएगी, यह परिवार और भविष्य का सवाल है। व्यापारियों का कहना है कि निर्माण हटने से केवल इमारतें ही नहीं ढहेंगी, बल्कि वर्षों से चल रहे व्यवसाय और परिवारों की आजीविका भी खतरे में पड़ जाएगी। उन्होंने मांग की है कि योजना बनाते समय प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के हितों की रक्षा की जाए।

प्रशासन ने कहा नियम के अनुसार हुई मार्किंग

नगर निगम के अधिकारी प्रमोद मालवीय ने बताया कि यह नपती और मार्किंग इसलिए की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि एलिवेटेड ब्रिज का एलाइनमेंट संबंधित क्षेत्र में कितनी गहराई तक आ रहा है। स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि आगे के हिस्सों में कम और इस क्षेत्र में अधिक निशान लगाए गए हैं। अधिकारी के अनुसार ब्रिज का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है और तय एलाइनमेंट, सर्वे तथा निर्णय के आधार पर ही निशान लगाए गए हैं। प्रभावितों की आपत्तियां वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी और सूचना पत्र देने के बाद नियमानुसार आगामी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खड़े हनुमानजी की प्रतिमा हटाने पर अड़ा विरोध, सहमति बनाने में जुटे प्रशासन को मिला दो टूक जवाब

Fri Nov 27 , 2026
ढाई घंटे तक चली मान-मनौव्वल की कवायद उज्जैन, अग्निपथ। कंठाल से छत्रीचौक मार्ग चौड़ीकरण की राह में आ रही खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को हटाने को लेकर जिला प्रशासन लगातार सहमति बनाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन फिलहाल प्रशासन को इस दिशा में सफलता मिलती नहीं दिख रही है। […]

Breaking News