खड़े हनुमानजी की प्रतिमा हटाने पर अड़ा विरोध, सहमति बनाने में जुटे प्रशासन को मिला दो टूक जवाब

ढाई घंटे तक चली मान-मनौव्वल की कवायद

उज्जैन, अग्निपथ। कंठाल से छत्रीचौक मार्ग चौड़ीकरण की राह में आ रही खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को हटाने को लेकर जिला प्रशासन लगातार सहमति बनाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन फिलहाल प्रशासन को इस दिशा में सफलता मिलती नहीं दिख रही है। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिमा हटाने के विरोध से जुड़े वरिष्ठ पार्षदों से अलग-अलग चर्चा कर उन्हें मनाने की कोशिश की, मगर तीनों ने वर्तमान स्थान से प्रतिमा हटाने पर साफ असहमति जता दी। मार्ग चौड़ीकरण योजना को आगे बढ़ाने के बीच यह मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है और प्रशासन व विरोध कर रहे पक्षों के बीच खींचतान की स्थिति बनी हुई है।

शुक्रवार को एसडीएम एलएन गर्ग और कोतवाली सीएसपी संजू चौहान मोहन नगर स्थित वरिष्ठ पार्षद शिवेंद्र तिवारी के कार्यालय पहुंचे। वहां करीब दो से ढाई घंटे तक चली बैठक में अधिकारियों ने प्रतिमा हटाने के विषय पर उनकी राय जानने और सहमति बनाने का प्रयास किया। चर्चा के दौरान वरिष्ठ पार्षद शिवेंद्र तिवारी के अलावा शैलू यादव और रूपेश ठाकुर से भी अलग-अलग बातचीत की गई। अधिकारियों ने मार्ग चौड़ीकरण के संदर्भ में अपनी बात रखी, लेकिन तीनों जनप्रतिनिधियों ने खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को वर्तमान स्थल से हटाने के प्रस्ताव पर अपनी असहमति स्पष्ट कर दी।

टंकी चौराहा पर मंदिर निर्माण और विरोध के तर्क

जिला प्रशासन की मंशा है कि कंठाल से छत्रीचौक मार्ग चौड़ीकरण के लिए सभी संबंधित पक्षों की आपसी सहमति से खड़े हनुमानजी की प्रतिमा को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए टंकी चौराहा पर मंदिर का निर्माण भी कराया जा चुका है।

दूसरी ओर हिंदू संगठनों और स्थानीय स्तर पर इस मुहिम से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रतिमा वर्षों से सड़क किनारे विराजित है और इससे आम लोगों या यातायात को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है। विरोध करने वालों का यह भी तर्क है कि आमजन की ओर से प्रतिमा हटाने का कोई विरोध सामने नहीं आया है, इसलिए इसे हटाने का कोई औचित्य नहीं बनता।

यथास्थान रखने की मांग पर अड़े जनप्रतिनिधि

बैठक के बाद वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने स्पष्ट कहा कि खड़े हनुमानजी की प्रतिमा जहां पहले से विराजित है, उसे वहीं रहना चाहिए और किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी प्रतिमा हटाने को लेकर बातचीत करने आए थे, जिन्हें साफ तौर पर मना कर दिया गया है। जनप्रतिनिधियों का मानना है कि धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ी इस प्रतिमा को उसी स्थान पर सुरक्षित रखा जाना चाहिए।

क्यूआर कोड से जनसमर्थन जुटाने का अभियान

प्रतिमा को उसके वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखने की मुहिम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और व्यापक समर्थन हासिल करने के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसके तहत मंदिर के बाहर क्यूआर कोड लगाया गया है, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। एक ओर प्रशासन सहमति बनाने की कोशिशों में जुटा है, वहीं दूसरी ओर प्रतिमा को यथास्थान रखने की मुहिम ने पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News