महिदपुर, अग्निपथ । नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को महिदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जिला उज्जैन मनस्वी शर्मा तथा एसडीओपी रामसिंह भाबोर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलसिंह मण्डलोई ने टीम गठित कर यह कार्रवाई की।
मामले की संक्षिप्त पृष्ठभूमि
दिनांक 21 नवंबर 2026 को थाना महिदपुर क्षेत्र निवासी फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस आधार पर थाना महिदपुर जिला उज्जैन में अपराध क्रमांक 452/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई और उसी दिन अपहर्ता को दस्तयाब कर लिया गया।
गिरफ्तारी और धाराओं में इजाफा
विवेचना के दौरान गठित टीम ने तलाश करते हुए 25 नवंबर 2026 को आरोपी संदीप पिता हड़मतसिंह सौंधिया उम्र 23 साल निवासी जमालपुरा महिदपुर को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के कथनों के आधार पर प्रकरण में विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं का इजाफा किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय महिदपुर में पेश किया गया, जहां जेल वारंट बनने पर उसे उपजेल महिदपुर में निरुद्ध कराया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना महिदपुर पुलिस टीम के निरीक्षक कमलसिंह मण्डलोई, उप निरीक्षक सुखसेन अरियाम, प्रधान आरक्षक नारायणसिंह तथा आरक्षक समरथ पाटीदार की सराहनीय भूमिका रही।
