पत्नी-बच्चों से ईद मिलने गये युवक को सालों ने पेट्रोल डालकर जलाया

आग लगाते समय एक आरोपी भी झुलसा, दो पर 307 का केस

उज्जैन, अग्निपथ। नाराज होकर गई पत्नी से ईद मिलने शुक्रवार दोपहर ससुराल पहुंचे पति को विवाद होने के बाद पत्नी के भाई (सालों) ने पेट्रोल डालकर जला दिया। जिसमें एक साला भी झुलस गया। पुलिस ने दो के खिलाफ प्राणघातक हमले की धारा 307 में केस दर्ज किया है।

जीवाजीगंज टीआई गगन बादल ने बताया कि जूना सोमवारिया में रहने वाला सुल्तान पिता शेरू हेला शुक्रवार को मायके में रह रही पत्नी और बच्चे से ईद मिलने के लिये क्षेत्र में ही ससुराल पहुंचा था। जहां उसने पत्नी से साथ चलने को कहा। पत्नी साहेबा बी ने साथ चलने से इंकार कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

दोनों के बीच विवाद होता देख पत्नी के दो भाई अरबाज और इरफान पहुंचे और जीजा के साथ मारपीट करने लगे। विवाद बढऩे पर अरबाज पेट्रोल से भरी बोतल लेकर आया और जीजा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ पेट्रोल उसके ऊपर भी गिर गया था। जिसके चलते अरबाज के हाथ भी झुलस गये।

घटनाक्रम के बाद अफरा-तफरी मच गई और आग की लपटो से घिरा सुल्तान कमरे से बाहर आ गया। जिसे लोगों ने बचाया और परिजनों को सूचना दी। उसे गंभीर हालत में उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने 60 प्रतिशत से अधिक झुलसना बताया है। घायल के बयान लेकर दोनों सालो के खिलाफ प्राणघातक हमले की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है।

सालों का आरोप साथ लाया था पेट्रोल

घटनाक्रम के बाद आरोपी सालों ने आरोप लगाया कि जीजा पेट्रोल साथ लेकर आया था। बहन से विवाद के बाद उसने खुद अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाई है। उसने बचाने का प्रयास करते समय अरबाज का हाथ झुलसा है। वहीं सुल्तान के परिजनों का आरोप था कि ससुराल वालों ने मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर जलाया है। वह तो ईद मिलने के लिये गया था।

विवाद के बाद गई थी मायके

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि कुछ दिन पहले सुल्तान और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। जिसके चलते सुल्तान की पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। दोनों का विवाह कुछ साल पहले ही हुआ है। दोनों एक ही क्षेत्र के रहने वाले है। दोनों परिवार के बयान भी दर्ज किये जा रहे हैं।

Next Post

ताला तोडक़र सौ फीट दूर ले गए दो क्विंटल भारी अलमारी

Fri May 14 , 2021
महिदपुररोड/उज्जैन, अग्निपथ। कोरोना संक्रमित सहायक बैंक प्रबंधक के सूने मकान में गुरुवार-शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोलकर 2 क्विंटल वजनी गोदरेज अलमारी के साथ दिवाल पर लगी एलईडी ‘टीवी चोरी कर ली। चोर अलमारी को मकान से 100 फीट दूर ले गये और ताला तोडऩे के बाद उसी स्थान पर […]