वीरता के जयघोष से गुंजायमान हुआ मक्सी नगर;  वीरांगना रानी अवंतीबाई की जयंती पर उमड़ा लोधी समाज

पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ निकला भव्य चल समारोह

मक्सी, अग्निपथ। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की अमर सेनानी और रामगढ़ की महारानी रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती मक्सी नगर में अभूतपूर्व उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर लोधी समाज द्वारा आयोजित विशाल चल समारोह में पूरा नगर देशभक्ति के रंगों में रंगा नजर आया। हाथों में लहराते भगवा ध्वज, ढोल-ताशों की गड़गड़ाहट और रानी अवंतीबाई अमर रहें के गगनभेदी जयकारों ने शहर के कोने-कोने को उल्लास से भर दिया।

समारोह का शुभारंभ लोधी धर्मशाला से वीरांगना के चित्र पर माल्यार्पण एवं नमन के साथ हुआ। तत्पश्चात रानी साहिबा की तस्वीर को एक भव्य एवं सुसज्जित बग्घी में विराजमान कर नगर भ्रमण प्रारंभ किया गया। इस गौरवमयी यात्रा में युवा, महिलाएं और समाज के वरिष्ठजन अपार उत्साह के साथ सहभागिता करते दिखे।

मार्ग में अनेक सामाजिक संस्थाओं एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा चल समारोह का आत्मीय स्वागत किया गया। पुराने एबी रोड से नई आबादी कॉलोनी पहुंचने पर नर्मदेश्वर महादेव सेवा समिति द्वारा पोहे का प्रसाद वितरित किया गया। आनंद केरवाल एवं राहुल बाबूसिंह केरवाल के नेतृत्व में पुष्पवर्षा की गई, तो वहीं कैलाश लोधी ठेकेदार एवं बंटी लोधी की ओर से भी भंडारे का आयोजन हुआ।

भाजपा मंडल कार्यालय के सामने मंडल अध्यक्ष गोविंद गोलू पटेल, महामंत्री सुनील नानू पंड्या सहित प्रमुख पदाधिकारियों ने साफा पहनाकर एवं आलू बड़े के प्रसादी वितरण से चल समारोह की अगवानी की। हिंदू उत्सव समिति ने नया बाजार में भगवा दुपट्टा पहनाकर समाजजनों का अभिनंदन किया।

समारोह में अखिल भारतीय लोधी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल सिंह राजपूत, प्रदेश कार्यवाह अध्यक्ष रमेश कौशल, नगर परिषद उपाध्यक्ष पूजा मोड़सिंह लोधी एवं अनेक वरिष्ठ समाजसेवी उपस्थित रहे। सुरक्षा एवं सुगम यातायात हेतु मक्सी पुलिस पूरी मुस्तैदी से तैनात रही। गंगा घाट होकर धर्मशाला लौटने पर लोधी गान के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ।

Continue using AI Cursor?Keep it onTurn Off

Next Post

भोले के जयकारों से गुंजायमान हुआ मार्ग, 1000 कांवड़ियों ने किया हिमालेश्वर धाम में जलाभिषेक

Sun Aug 16 , 2026
शनेश्वर ओंकारेश्वर मंदिर से मोरटा केवड़ी तक उमड़ा आस्था का जनसैलाब पोलायकलां, अग्निपथ। श्रावण मास के पावन अवसर पर पोलायकलां में सार्वजनिक महाकाल मित्र मंडल द्वारा रविवार को भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। भगवान शिव की अगाध भक्ति से सराबोर इस यात्रा […]

Breaking News