अंतर्राष्ट्रीय एसआईएस कंपनी की रवानगी, सुरक्षा का ठेका केएसएस कंपनी के हवाले

दैनिक अग्निपथ ने तीन दिन पहले की कर दिया था साफ, किंग सिक्योरिटी गार्ड कंपनी भी थी मुकाबले में

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूर्व में मंदिर का सुरक्षा का ठेका संभालने वाली एसआईएस कंपनी से सुरक्षा ठेका छीन लिए जाने के बाद तीन की जगह दो कंपनियां मैदान में थीं। लेकिन गुडविल देखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा मंदिर में कार्यरत सफाई कंपनी केएसएस को आखिरकार ठेका दे दिया गया।

हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है। लेकिन दैनिक अग्निपथ ने अपने 8 जून के अंक में इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित कर इस बात का खुलासा किया था कि एसआईएस कंपनी की रवानगी हो गई है और केएसएस कंपनी को ठेका दिए जाने की कवायद चल रही है।

अपने को अंतर्राष्ट्रीय कंपनी बताने वाली एआईएस कंपनी द्वारा अपने 175 सुरक्षाकर्मियों को दिसम्बर-2019 से ठेका संभालने के समय से ही वेतन देने में लेतलाली की जा रही थी। एक साल तो ऐसे ही कंपनी द्वारा निकाल दिया गया, लेकिन हाल ही में मंदिर के सुरक्षाकर्मियों द्वारा 3 से 4 माह का वेतन नहीं मिलने के चलते अपनी जान देने और अपना भरण-पोषण नहीं होने का हवाला देते हुए व्हाट्सएप पर मैसेज भेजे गए।

कुछ सुरक्षाकर्मी कलेक्टर को ज्ञापन देने भी पहुंचे थे। मामले ने तूल पकड़ा और उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव और सांसद अनिल फिरोजिया ने भी कंपनी के गैरजिम्मेदाना रवैये की आलोचना करते हुए इसकी रवानगी पर अपनी मोहर लगा दी थी। अंतत: कलेक्टर आशीष सिंह ने 4 दिन पहले अंतिम नोटिस का सही जवाब पेश नहीं करने पर एस.आई.एस. कंपनी को ठेका छोडऩे को कह दिया और उसके हाथ में रवानगी लेटर पकड़ा दिया था।

केएसएस 15 के बाद संभालेगी ठेका

महाकालेश्वर मंदिर में सुरक्षा का ठेका बदल चुका है। केएसएस कंपनी की संचालिका विगत चार दिन से उज्जैन शहर में ही ठहरी हुई थीं। विगत मंगलवार को केएसएस कंपनी की संचालक सुश्री आहुजा महाकालेश्वर मंदिर के दौरे पर 20-25 लोगों को साथ लेकर आईं। उन्होंने प्रत्येक पाइंट का निरीक्षण किया। इसके बाद वह चिंतामन गणेश मंदिर गईं। यहां के पाइंटों का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की।

जानकारी में आया है कि 15 जून के बाद केएसएस कंपनी मंदिर की सुरक्षा का ठेका संभालेगी। नई कंपनी द्वारा सुरक्षाकर्मियों को नई यूनिफार्म देने सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। एसआईएस कंपनी को मंदिर समिति की ओर से लैटर मिल चुका है। 15 तक ड्यूटी निभाने के बाद कंपनी को मंदिर छोडऩा होगा।

इनका कहना

एसआईएस कंपनी को रवाना कर दिया गया है। केएसएस कंपनी की सुपुर्दगी में सुरक्षा का ठेका दिया गया है। -मूलचंद जूनवाल, सहायक प्रशासक, महाकालेश्वर मंदिर

किंग सिक्योरिटी ने भी दिया था आवेदन

आगामी 6 माह के लिए मंदिर की सुरक्षा का ठेका लीज पर दिया जाना था। एसआईएस कंपनी के बाहर होने की सूचना के बाद दूसरे नंबर पर रही ईगल कंपनी और मंदिर की सफाई व्यवस्था संभालने वाली केएसएस कंपनी के बीच ठेका लेने की जद्दोजहद सामने आई थी। लेकिन ईगल कंपनी की संचालिका द्वारा ठेका लिए जाने की मनाही करने के बाद तीसरे नंबर पर रही किंग सिक्योरिटी गार्ड सिक्योरिटी कंपनी द्वारा ठेका लेने की कवायद की जाना शुरू कर दी गई थी।

7 जून को कंपनी के संचालक द्वारा श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को टेंडर शर्तों के अनुरूप ठेका लेने का आवेदन प्रस्तुत कर दिया गया था। लेकिन गुरुवार को केएसएस कंपनी को ठेका दे दिया गया और सुरक्षाकर्मियों को यूनिफार्म लेने की भी सूचना दे दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

यूपी में होगा फेरबदल? अमित शाह के बाद पीएम नरेंद्र मोदी से मिले सीएम योगी आदित्यनाथ

Fri Jun 11 , 2021
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में बड़े राजनीतिक फेरबदल के कयासों के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ अब पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच एक घंटे से ज्यादा तक बातचीत चली। इससे पहले वह गुरुवार शाम को होम मिनिस्टर अमित शाह से मिले थे। यही नहीं […]