उज्जैन के कॉस्मेटिक गोदाम में रात में बुझी आग सुबह फिर धधकी

लाखों रुपये का सामान जलकर खाक

उज्जैन, अग्निपथ। माधवनगर थाना क्षेत्र के सेठी नगर में स्थित एक कॉस्मेटिक गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रात में आग पर काबू पा लिया था। हालांकि, गोदाम के भीतर प्लास्टिक और केमिकल युक्त कॉस्मेटिक सामान मौजूद होने के कारण बुधवार तड़के आग दोबारा भड़क उठी। दोबारा धुआं उठते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया और आग को शांत किया गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका है।

रात एक बजे उठा था धुआं

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेठी नगर क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास आनंद जैन का कॉस्मेटिक सामान का बड़ा गोदाम है। मंगलवार रात करीब एक बजे स्थानीय निवासियों ने गोदाम की खिड़कियों और शटर के नीचे से अचानक घना धुआं निकलते देखा। अनहोनी की आशंका जताते हुए रहवासियों ने तुरंत इसकी सूचना गोदाम मालिक और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर अधिकारी एलएन साहू के नेतृत्व में दमकलकर्मी तीन गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने रात में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया था।

सुबह छह बजे फिर शुरू हुआ तांडव

रात में आग बुझने के बाद दमकल टीम वापस लौट गई थी, लेकिन बुधवार सुबह करीब छह बजे गोदाम के अंदर सुलग रही चिंगारी ने फिर से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते गोदाम से दोबारा आग की लपटें और घना धुआं निकलने लगा। क्षेत्रवासियों ने तुरंत दमकल विभाग को दोबारा इसकी जानकारी दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां फिर से मौके पर भेजी गईं और पानी की बौछारें कर आग को पूरी तरह बुझाया गया।

लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान

कॉस्मेटिक उत्पादों में प्लास्टिक, थिनर और अन्य ज्वलनशील सामग्री अधिक मात्रा में होने के कारण आग ने तेजी से पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गोदाम में रखा अधिकतर माल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है। फिलहाल आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और दमकल विभाग नुकसान का सटीक आंकलन करने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर विस्थापन मामले में उमा भारती का मुख्यमंत्री को पत्र; क्यों की शिवराज की तारीफ

Thu Sep 10 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। सोशल मीडिया पर खड़े हनुमान मंदिर के विस्थापन की खबरें वायरल होने के बाद अब यह मुद्दा गरमा गया है। इस मामले में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भेजकर समाधान निकालने की अपील की है। वहीं दूसरी ओर सिंहस्थ […]