कायथा, अग्निपथ। दैनिक अग्निपथ में मंगलवार सुबह के अंक में “अघोषित बिजली कटौती से कायथा क्षेत्र में जनता बेहाल” शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित खबर का तत्काल बड़ा असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होते ही विद्युत विभाग हरकत में आया और मंगलवार को दिन, शाम तथा रात में होने वाली अघोषित कटौती पूरी तरह बंद रही। लंबे समय बाद निर्बाध बिजली मिलने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
एक माह से परेशान थे ग्रामीण
पिछले एक माह से लोड मैनेजमेंट के नाम पर दिन और रात में बार-बार हो रही अघोषित कटौती से कायथा सहित आसपास के ग्रामीण बेहाल थे। दैनिक अग्निपथ ने इस जनसमस्या को प्रमुखता से उजागर किया था। खबर में बताया गया था कि कटौती से पहले समय तो सूचित किया जाता था, पर कारण स्पष्ट नहीं होता था। बारिश के मौसम में अंधेरे के कारण जहरीले जीवों और मच्छरों से बीमारियों का खतरा बढ़ गया था।
सुचारू हुई व्यवस्था, जताया आभार
खबर छपने के बाद मंगलवार को पूरे दिन बिजली व्यवस्था सामान्य रही। निर्बाध आपूर्ति से ग्रामीणों के दैनिक कार्य, बच्चों की पढ़ाई और किसानों के सिंचाई कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके। बिजली आपूर्ति बहाल होने पर ग्रामीणों ने दैनिक अग्निपथ का आभार जताते हुए कहा कि अखबार में प्रमुखता से मुद्दा उठने के बाद ही विभाग की नींद खुली।
सहायक यंत्री की पदस्थापना की मांग कायम
बिजली मिलने से फौरी राहत तो मिल गई है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान बाकी है। कायथा विद्युत वितरण कंपनी में पिछले एक माह से सहायक यंत्री का पद रिक्त है। कनासिया के AE के पास अतिरिक्त प्रभार होने से शिकायतों का त्वरित निराकरण नहीं हो पाता। स्थानीय निवासियों ने उच्चाधिकारियों से कायथा में शीघ्र नए सहायक यंत्री की पदस्थापना की मांग की है।
