खलघाट पर उफनती नर्मदा में गिरी बस, कोई जिंदा नहीं बचा

12 शव मिले, महाराष्ट्र-राजस्थान और मध्यप्रदेश के थे यात्री

वीडियो -सोशल मीडिया

धार, अग्निपथ। मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में सोमवार सुबह महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में जा गिरी। अब तक 12 लोगों के शव बरामद हुए हैं। बस में कितने यात्री सवार थे, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सरकार और प्रशासन ने 14 से 15 यात्री होने का दावा किया है, जबकि चश्मदीद के मुताबिक करीब 40 यात्री सवार रहे होंगे। हादसा सुबह 10 और 10.15 बजे के बीच हुआ।

बताया जा रहा है कि खलघाट में टू-लेन पुल पर एक वाहन को ओवरटेक करते समय बस बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और बस रैलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। बस इंदौर से महाराष्ट्र के अमलनेर जा रही थी। इंदौर से घटनास्थल की दूरी करीब 90 किमी है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हादसे पर दो बयान दिए। पहले उन्होंने 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकालने का दावा किया। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद एम्बुलेंस के ड्राइवर ने बताया कि एक भी यात्री जीवित नहीं मिला। इसके करीब दो घंटे बाद फिर गृहमंत्री ने बताया कि बस में 14 से 15 लोग ही सवार थे और किसी को भी बचाया नहीं जा सका। हालांकि, बस में कितने यात्री सवार थे? इसकी पुष्टि अब तक प्रशासन ने नहीं की है।

पटेल बोले- मृतकों के परिजनों मिलेंगे 16-16 लाख

कृषि मंत्री एवं खरगोन के प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने खलघाट बस दुर्घटना को लेकर शाम को सोशल मीडिया पर अपडेट दिया। उन्होंने लिखा- ड्राइवर, कंडक्टर सहित 12 मृतकों के शव निकाले जा चुके हैं। मृतकों की पहचान हो गई है, जिसमें 7 लोग महाराष्ट्र, 4 लोग राजस्थान और 1 यात्री मध्यप्रदेश का है। मंत्री पटेल ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिजन को 16 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। जिसमें महाराष्ट्र सरकार के 10 लाख, मोदी सरकार के दो लाख और मध्यप्रदेश सरकार के 4-4 लाख रुपए शामिल है।

स्थानीय लोग आगे आए, शवों को निकाला

हादसे की जानकारी लगते ही खलघाट के स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मदद की। जो फोटो और वीडियो सामने आए हैं, उनमें स्थानीय लोग शवों को खोजते दिखे। कुछ लोग अपनी नाव से शवों बाहर निकाल रहे थे। उधर, इंदौर और धार से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पहली में ही दिखी शाही सवारी की झलक, हजारों भक्तों ने निहारा राजाधिराज महाकाल को

Mon Jul 18 , 2022
नवनिर्वाचित महापौर भी पहुंचे समर्थकों के साथ उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर से भगवान महाकाल की श्रावण मास की पहली सवारी पूरे शानोशौकत के साथ अपनी प्रजा को दर्शन देने के लिए निकली। दो वर्ष बाद भगवान की सवारी के दीदार करने के लिए स्थानीय सहित बाहरी श्रद्धालुओं […]