खुलेआम चल रहा एक लगाओ अस्सी पाओ का खेल

पूर्व विधायक ने शिकायत की, फिर भी पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई

सुसनेर, अग्निपथ। कभी चोरी छिपे चलने वाला सटटा बाजार आजकल कानून की ढीली पकड़ की वजह से खाईवाल के संरक्षण में खुलेआम संचालित हो रहा है। ओपन, क्लोज और रनिंग के नाम से चर्चित इस खेल में जिस प्रकार सब कुछ ओपन हो रहा है उससे यही प्रतीत होता है कि प्रमुख खाईवाल को कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है।

खुलेआम चल रहे इस सट्टे की शिकायत भाजपा जिला अध्यक्ष गोविन्दसिंह बरखेड़ी की मौजूदगी में पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी से की तो पूर्व विधायक ने मौके से ही जिला पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर को फोन पर इसको लेकर चर्चा की। किन्तु पूर्व विधायक एवं भाजपा नेताओं की शिकायत का असर शिकायत के दूसरे दिन गुरुवार को भी नहीं दिखा।

बेखौफ इक्का मिंडी का खेल बदस्तुर जारी रहा। बता दें कि सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वालें डोगरगांव, मोड़ी, सुसनेर नगर, नलखेड़ा, बड़ागांव आदि शहरों में खुलेआम सट्टे का व्यापार चल रहा हैं। जिसकी शिकायत भाजपा कार्यकर्ताओं के द्ववारा की जा रही हैं।

बच्चे और महिलाऐं भी उलझी हैं अंको के जाल में

इस खेल के बढ़ते कारोबार का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि महिलाएं एवं बच्चे भी दिन रात अंकों के जाल में उलझे रहते हैं। प्रमुख खाईवाल के एजेंट जो पर्ची काटते हैं प्राय: हर गली मोहल्ले में आसानी से पर्ची काटते नजर आते हैं।

इनमें से कुछ आदतन किस्म के लोग इन नगरों के प्रमुख बाजारों में एवं अन्य क्षेत्रों में खुलेआम पर्ची काटकर एवं मोबाइल के माध्यम से भी इस अवैध कारोबार को संचालित कर लोगों की गाढी कमाई पर डाका डाल रहे हैं जिसकी जानकारी शायद पुलिस को छोडकर सभी को है।

सटटे के हिसाब किताब की जगह बार बार बदल कर प्रमुख खाईवाल अपनी होशियारी का भी परिचय देने की कोशिश करते हैं।

बेरोजगार युवाओं को कमीशन का लालच

गरीब बेरोजगार युवाओं को मोटे कमीशन का लालच देकर इस अवैध कारोबार में उतारा जा रहा है। आगे चलकर यही युवा अपराध की ओर अग्रसर हो जाते हैं। शिकायत होने पर जब पुलिस अभियान चलाती है तो खाईवाल को बक्श कर अक्सर इन्हीं युवाओं के खिलाफ कार्रवाई कर खानापूर्ति कर लेती है। किन्तु लंबे समय से पुलिस की खानापूर्ति भी नजर नही आ रही हैं।

क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगडी

क्षेत्र में कानून व्यवस्था इस तरह बिगड़ी है कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को पुलिस का जरा भी भय नहीं है। पहले तो कभी कभार एक दो छोटे प्रकरण बनाकर खानापूर्ति कर दी जाती थी। इस कारण जुए के अडडे व सटटे की खाईवाल के हौसले बुलंद हैं। वे अपने काम को खुलेआम संचालित कर रहे हैं। ऐसे में लोगों का कहना है कि पुलिस के संरक्षण के कारण इनका संचालन हो रहा है।

इनका कहना

सुसनेर विधानसभा में अवैध रूप से सटटे व जुआ का व्यापार चलने के संबध में कार्यकर्ताओ ने शिकायत की थी जिसके बाद मेरे द्ववारा जिला पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई थी। पुलिस को अवैध रूप से संचालित इस व्यापार को बंद करवाना चाहिए। – बद्रीलाल सोनी, भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक सुसनेर

पुलिस के द्ववारा सटटे एवं जुआ अडडा चलाने का काम करने वालों के विरूध समय समय पर कार्रवाई की जाती हैं। पूर्व में सोयतकलॉ में कार्रवाई की गई थी। अन्य जगहों की भी शिकायत मिली हैं तो कार्रवाई की जाएगी। -नाहर सिंह रावत, एसडीओपी सुसनेर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एक साथ तीन बच्चों के जन्म से परिवार में छाई खुशियां

Fri Mar 4 , 2022
महिला ने दिया दो बेटी और एक बेटे को जन्म शाजापुर, अग्निपथ। जिले के निजी अस्पताल में ट्रिपलेट डिलीवरी का मामला सामने आया है। ग्राम मंडावर की एक प्रसूता ने शुजालपुर के एक निजी हॉस्पिटल में एक साथ तीन स्वस्थ शिशुओं को जन्म दिया है। शुक्रवार सुबह 5.30 बजे प्रसव […]

Breaking News