गोलीकांड के आरोपी के मकान पर चली जेसीबी, पिता ने कहा मकान मेरा था

मल्हार रोड पर पुलिस व निगम के अमले ने की संयुक्त कार्रवाई

देवास, अग्निपथ। गोलीकांड के मामले में आरोपी एक बदमाश के मल्हार कॉलोनी स्थित मकान पर पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से आरोपी का मकान जमींदोज कर दिया गया। इस बीच आरोपी के पिता ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि तोड़ा गया मकान उनका था न कि बेटे का।

अवैध व अपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जारी प्रक्रिया में प्रशासन ने मंगलवार को एक आरोपी के मकान को जमींदोज किया गया। पिछले दिनों शीबा होटल के सामने हुए विवाद में गोलीकांड के आरोपी चिकू उर्फ कुणाल निवासी मल्हार कालोनी का मकान मंगलवार को पुलिस व प्रशासनिक अमले ने जमींदोंज कर दिया।

जिस मकान को प्रशासन ने तोड़ा ठीक उसके सामने कुणाल के माता-पिता रहते है। पिता ने कहा कि यह मकान उनका था। मकान जेसीबी ने 10 मिनिट में जमींदोज कर दिया। इस दौरान मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक विवेकसिंह सहित औद्योगिर्क थाना प्रभारी अनिल शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी उमराव सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल व नगर निगम का अमला मौजूद था। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर किया था कब्जा

मल्हार कालोनी से जुड़ी हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर एक अन्य युवक द्वारा कब्जा जमा लिया था जिसकी शिकायत पर निगम के अमले ने पुलिस की मौजूदगी में हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान कब्जाधारी व्यक्ति द्वारा विरोध भी किया गया लेकिन प्रशासन ने उसे कागज दिखाने के लिए कहा तो वह काफी समय तक अपने प्लाट के दस्तावेज नहीं दिखा पाया।

इनका कहना

चीकू उर्फ कुणाल बैरागी पर 14 विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध है जिसमें मारपीट, एसटीएससी एक्ट, हत्या का प्रयास जैसे अपराध दर्ज है। इसके द्वारा पिछले दिनों शीबा होटल के समीप एबी रोड पर गोली चलाकर कुछ लोगों को मारने का प्रयास किया गया था। अपराधिक तत्वों के विरूद्ध पुलिस ने अभियान चलाया है। जो भी बदमाश होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। जो भी व्यक्ति शहर की शांति में खलल पैदा करेगा उसके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। – विवेक सिंह चौहान, नगर पुलिस अधीक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भाजपा नेता नगर के व्यापारी की मौत सडक़ हादसा नहीं हत्या

Tue Mar 29 , 2022
परिजनों ने लगाया आरोप, समाजजनों ने विधायक को दिया ज्ञापन महिदपुर रोड, अग्निपथ। नगर के भाजपा नेता अनोखीलाल फरक्या की सडक़ हादसे में हुई मौत को परिजनों ने अंधा कत्ल बताया है। परिजनों ने इस मामले की सुक्ष्मता से जांच करवाकर मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है। […]