पीएचई कर्मचारी आज सीएम को सौपेंगे ज्ञापन

मामला प्रभारी उपयंत्री से पुलिस अधिकारियों द्वारा मारपीट का

उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्री पर पीएचई प्रभारी उपयंत्री और सहकर्मी के साथ पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई मारपीट के विरोध में कर्मचारी संघ आज महिदपुर आ रहे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग रख ज्ञापन सौंपेगें।

पीएचई के प्रभारी उपयंत्री खुमानसिंह और सहकर्मी आदिल खान के साथ महाशिवरात्री पर महाकाल मंदिर के समीप धनुष गेट के सामने एएसपी आकाश भूरिया, सीएसपी ओमप्रकाश मिश्रा और पुलिसकर्मियों ने मारपीट की थी। जिसके विरोध में 2 दिनों से देवासगेट पानी की टंकी गेट पर म.प्र. राज्य कर्मचारी संघ, डिप्लोमा इंजी. एसोसिएशन, कार्यभारित एवं स्थाई कर्मी महासंघ और कर्मचारी धरने पर बैठे है। कर्मचारी संघ की मांग है कि दोषी पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई की जाएं।

कर्मचारी संघ ने मंगलवार को मारपीट के विरोध में रैली निकाली थी और आईजी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था, बावजूद दूसरे दिन भी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। म.प्र. कार्यभारित एवं स्थाई कर्मी महासंघ के प्रदेश महामंत्री दिलीप चौहान ने बताया कि गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का महिदपुर आगमन हो रहा है। कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधि मंडल महिदपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और ज्ञापन सौंप दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेगा।

महाकाल थाने के एसआई पर आरोप

कर्मचारी संघ ने महाकाल थाने के एसआई बल्लू मंडलोई पर भी अभद्रता करने का आरोप लगाया है। संघ पदाधिकारियों को कहना है कि उपयंत्री के साथ हुई मारपीट के बाद कर्मचारी महाकाल थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। जहां एसआई बल्लू मंडलोई ने अभद्रता की थी और घायल उपयंत्री का मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया था। उपचार में देरी होने पर उपयंत्री की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। जिसके चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

उपयंत्री के निवास पहुंचे सीएसपी

बुधवार को मारपीट में घायल हुए उपयंत्री खुमानसिंह ने बताया कि सीएसपी ओमप्रकाश मिश्रा उनके निवास पहुंचे थे, उन्होने स्वास्थ्य का हालचाल जाना और महाशिवरात्री पर घटना के लिये पुलिस की ओर से क्षमा भाव प्रदर्शित किया। सीएसपी को उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने पर साधुवाद दिया गया, लेकिन कहा कि मैं किसी का बुरा नहीं चाहता हूं, मेरे साथ जो अन्याय हुआ है उसके लिये मै न्याय की अपेक्षा रखता हूं। मेरे न्याय के संघर्ष में मेरे साथियों के मार्गदर्शन के अनुरुप ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कलेक्टर के बाद सांसद ने लिया गर्भ गृह दर्शन ड्रेस कोड पर संज्ञान

Wed Feb 22 , 2023
मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में रखा जाएगा मुद्दा, परंपरा अथवा जबरदस्ती थोपा गया उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में परंपरा अथवा व्यवस्था के नाम पर वीआईपी अथवा 15 सो रुपए टिकट लेकर दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को गर्भ ग्रह में प्रवेश के दौरान ड्रेस कोड में आने की […]