कोलकाता, अग्निपथ। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पूर्व बस ड्राइवर के ठिकाने से 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना जब्त किया है। बरामद किए गए सोने का बाजार मूल्य लगभग 21.5 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। यह छापेमारी राज्य परिवहन निगम के पूर्व चालक मिनार मंडल के घर पर की गई, जो बाद में पत्थर कारोबार से जुड़ गया था।
नोटों की गिनती में हांफीं मशीनें
कार्रवाई के दौरान अलमारी और बैगों में ठूंस-ठूंसकर रखे गए नोटों के बंडल मिले। इनकी गिनती के लिए बुलाई गई मशीनों में से 5 मशीनें लगातार काम करने के कारण खराब हो गईं। पुलिस ने मौके से 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 बिस्किट भी बरामद किए। बरामद राशि को लोहे के बक्सों में बंद कर थाने पहुंचाया गया।
पत्थर माफिया और सियासी तार
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मिनार मंडल ने दावा किया कि यह सारा धन और सोना उसके जीजा और पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का है। तुलु मंडल पहले भी पशु तस्करी और कर चोरी के मामलों में जांच एजेंसियों के रडार पर रहा है। वह 2024 में अपनी बेटी की शादी में 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने को लेकर काफी चर्चा में आया था। फिलहाल तुलु मंडल फरार चल रहा है।
सियासी घमासान और जांच तेज
इस मामले ने राज्य की राजनीति में तहलका मचा दिया है। तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी अलग-अलग गुटों के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। वहीं प्रशासन ने भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराते हुए अवैध सिंडिकेट और माफिया पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस अकूत संपत्ति के असली स्रोतों को खंगालने में जुटी हैं।

