बड़नगर में 372 लीटर संदिग्ध घी जब्त

बड़नगर, अग्निपथ। मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़नगर में बड़ी छापामार कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त और उज्जैन कलेक्टर के निर्देशों के तहत अधिकारियों की टीम ने बड़नगर तहसील के बाजारों में अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।

टीम ने सबसे पहले नयापुरा स्थित जय भारत एजेंसी पर छापा मारा। वहां ‘श्री कृष्णा देसी घी’ के नाम से अलग-अलग पैकिंग में रखा भारी मात्रा में घी मिला। दस्तावेजों की जांच में पता चला कि यह घी इंदौर की एक फर्म से महज 360 रुपये प्रति लीटर के बहुत ही कम दाम पर खरीदा गया था। इतने सस्ते दाम में असली देसी घी मिलने पर अधिकारियों को तुरंत मिलावट का गहरा संदेह हुआ। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने 1 लाख 21 हजार रुपये से ज्यादा कीमत का कुल 337 लीटर संदिग्ध घी तुरंत जब्त कर लिया।

इसके बाद खाद्य अधिकारियों के दल ने महात्मा गांधी रोड पर स्थित एक अन्य दुकान पर दबिश दी। वहां ‘डेयरी मिल्क एगमार्क देसी घी’ के नाम से बेचा जा रहा 35 लीटर घी मिला। गुणवत्ता संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने करीब 16 हजार रुपये मूल्य का यह स्टॉक भी सीज कर दिया।

विभाग ने दोनों स्थानों से जब्त किए गए कुल 372 लीटर घी के नमूने सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। 00000

Next Post

आओ... गड्ढों में तलाशें सड़क: बारिश ने खोली विकास के दावों की परत

Sat Aug 1 , 2026
बारिश में उखड़ीं सड़कें, जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढे धार, अग्निपथ। मानसून की तेज बारिश ने शहर की सड़कों पर हुए विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी है। हालात ऐसे हैं कि अब लोगों के बीच यही सवाल गूंज रहा है—सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क? शहर से […]

Breaking News