मास्टर प्लान पर दूसरे दिन भी 2 हजार आपत्तियां

सुबह इंदिरा नगर शाम को श्रीकृष्ण कॉलोनी में जुटे लोग

उज्जैन, अग्निपथ। शहर के प्रस्तावित मास्टर प्लान पर लगातार दूसरे दिन भी 2 हजार से ज्यादा आपत्तियां दर्ज कराई गई है। सिंहस्थ क्षेत्र की कॉलोनियों में निवास करने वाले लोग सुबह इंदिरा नगर स्थित दाल मिल चौराहे पर एकत्रित हुए। शाम को श्रीकृष्ण कॉलोनी चौराहे पर भी भीड़ जुटी।

नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष सोनू गेहलोत इस पूरी मुहीम की अगुवाई कर रहे है। तर्क दिया जा रहा है कि जिन क्षेत्रों में पिछले 30 साल की अवधि के दौरान घनी बस्तियां हो चुकी है, उन क्षेत्रों को भी नए मास्टर प्लान में सिंहस्थ अधिसूचित क्षेत्र दर्शाया जा रहा है। सिंहस्थ क्षेत्र की कॉलोनियों में 10 हजार से ज्यादा मकानों में रहने वाले 50 हजार से ज्यादा लोग मास्टर प्लान की इस अदूरदर्शिता का खामियाजा भुगत रहे है। शुक्रवार सुबह इंदिरा नगर दाल मिल चौराहे पर इंदिरा नगर, मोहन नगर, शहीद नगर, बापू नगर कालोनियों के रहवासी एकत्रित हुए। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, सोनू गेहलोत, शिवेंद्र तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन जायसवाल, दिलीप परमार, राजेश सेठी ने आपत्तियां दर्ज कराने पहुंचे लोगों को संबोधित किया।

कलेक्टर के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे तहसीलदार को लगभग 1200 आपत्तियां सौंपी गई। शुक्रवार शाम को अंकपात मार्ग स्थित श्रीकृष्ण कॉलोनी चौराहे पर भी श्रीकृष्ण कॉलोनी, कमल कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी के रहवासी एकत्रित हुए। यहां सोनू गेहलोत, जितेंद्र कुमावत, केसरसिंह पटेल ने आम लोगों से आपत्तियां लेकर एकत्रित की, इन्हें शनिवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा जाएगा।

शिप्रा के लिए जुटे लोग
उज्जैन में पर्यावरण के लिए काम करने वाले समाजसेवी राजीव पाहवा के निवास पर शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में महामंडलेश्वर आचार्य अतुलेशानंद जी, पूर्व निगम अध्यक्ष प्रकाश चित्तोड़ा, महाकालेश्वर मंदिर के पूर्व प्रशासक आनंदीलाल जोशी, डा. विमल गर्ग, प्रतिभा जोशी, राजश्री जोशी, प्रो. पी.एन. वर्मा आदी लोग जुटे थे। प्रस्तावित मास्टर प्लान में शिप्रा नदी के किनारे की ग्रीन बेल्ट की जमीन को 200 मीटर से घटाकर 100 मीटर किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। बैठक में शामिल ज्यादातर लोग ग्रीन बेल्ट कम करने के प्रस्ताव पर सहमत नहीं है। आचार्य अतुलेशानंद ने बताया कि उन्होंने भी भोपाल में शिप्रा ग्रीन बेल्ट को लेकर आपत्ति दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

होटल से पकड़ाया प्रेमी जोड़ा रतलाम पुलिस को सौंपा

Fri May 6 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। हनुमान नाका पर होटल में प्रेमी जोड़ा पहुंचा था। खबर मिलने पर 2 समुदाय के लोग पहुंच गये। पुलिस ने जोड़े को हिरासत में लिया। दोनों को रतलाम पुलिस अपने साथ ले गई है। नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि हनुमान नाका चौराहा पर होटल में गुरुवार रात […]