लोकशक्ति में गूंजा ‘माई के लाल’ का नारा

कांग्रेस-भाजपा के कार्यालयों पर सवर्ण समाज का प्रदर्शन, कहा- अनारक्षित सीटों पर सवर्णो को ही बनाए उम्मीदवार

उज्जैन, अग्निपथ। नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल एक दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा में है। मंगलवार को इन दोनों ही दलों की कार्यप्रणाली के खिलाफ एक तीसरा मोर्चा भी मैदान में आ गया। सवर्ण समाज के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों के पदाधिकारियों को आगाह किया है कि स्थानीय चुनावों में अनारक्षित सीटों पर कहीं भी आरक्षित वर्ग के लोगों को उम्मीदवार नहीं बनाए। ऐसा हुआ तो सवर्ण समाज उसे चुनाव हरवा देगा।

मंगलवार शाम 5 बजे सवर्ण समाज के प्रतिनिधि क्षीरसागर स्थित गांधी उद्यान पर एकत्रित हुए। यहां से सभी लोग शहर कांग्रेस कार्यालय पर पर पहुंचे और यहां शहर कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक भाटी को पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ के नाम से ज्ञापन सौंपा। यहां से सवर्ण समाज के प्रतिनिधि फ्रीगंज स्थित भाजपा कार्यालय लोकशक्ति पर पहुंचे।

यहां नगर अध्यक्ष विवेक जोशी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा गया। लोकशक्ति कार्यालय पर सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने ‘देखो शिवराज कौन आया- माई के लाल, माई के लाल’ जैसे नारे भी लगाए। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प. सुरेंद्र चर्तुवेदी और अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री अनिल सिंह चंदेल ने दोनों ही राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सवर्ण समाज की मंशा से अवगत कराया।

प. सुरेंद्र चर्तुवेदी के मुताबिक सर्वोच्च न्यायालय ने भी मध्यप्रदेश में 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटों पर आरक्षण नहीं दिए जाने का फैसला दिया है। इसके ठीक उलट राजनैतिक दल अनारक्षित सीटों पर भी आरक्षित वर्ग के प्रतिनिधियों को उम्मीदवार बना रहे है। राजनैतिक दलों से अनुरोध किया गया है कि वे अनारक्षित श्रेणी की सीटों पर सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों को ही चुनाव लडऩे का अवसर दे।

भाजपा औैर कांग्रेस कार्यालय पर हुए इस प्रदर्शन में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के महामंत्री पंडित तरुण उपाध्याय, हरदयाल सिंह ठाकुर, अंगद सिंह राठौड़, नरेश सिंह भदोरिया, ठाकुर महेंद्र सिंह बेस, ठाकुर महेंद्र सिंह राजपूत, जसवंत सिंह सोलंकी, शैलेंद्र सिंह झाला, ठाकुर जयराज सिंह, अभिषेकसिंह बैस, कायस्थ महासभा के अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव, मोतीलाल श्रीवास्तव, सपाक्स अधिकारी कर्मचारी संगठन के अरविंद सिंह चंदेल, डॉ निर्भय निर्दोष पाठक, भारत आरक्षण मुक्त मोर्चा के अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव, वैश्य महासभा के अरविंद जैन, विमल डोसी, जांगिड़ पोरवाल समाज के प्रतिनिधि पूर्व बार अध्यक्ष द्वारकाधीश चौधरी, माहेश्वरी समाज के अंबालाल अवास आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भाजपा के 16 में से 13 महापौर प्रत्याशी घोषित: <span>उज्जैन में मुकेश पर लगी मुहर

Tue Jun 14 , 2022
ग्वालियर, रतलाम और इंदौर पर नहीं बन पाई सहमति भोपाल। भाजपा ने 16 में से 13 नगर निगमों के लिए महापौर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। 7 महिलाओं को टिकट दिया गया है। रीवा से प्रमोद व्यास, कटनी से ज्योति दीक्षित, बुरहानपुर से माधुरी पटेल को उम्मीदवार बनाया गया […]
mukesh tatwal