क्लीन एंड ग्रीन थीम पर सजेगा महाकुंभ, 2801.75 करोड़ रुपये के 33 कार्यों को मिली हरी झंडी

सिंहस्थ 2028 हैकाथॉन

भोपाल, अग्निपथ। विश्व के सबसे बड़े धार्मिक मेले सिंहस्थ-2028 के सुप्रबंधन के लिए मंत्रि-मंडलीय समिति की सप्तम बैठक में 2801.75 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंहस्थ से जुड़े सभी निर्माणाधीन और स्वीकृत कार्य हर हाल में वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण कर लिए जाएं और इस बार का आयोजन क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ की थीम पर किया जाए। उन्होंने कहा कि अब हर महीने समिति की बैठक आयोजित कर कामों की प्रगति की नियमित समीक्षा होगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिल सके।

स्वच्छता और जल शुद्धिकरण पर सबसे बड़ा निवेश

पर्यवेक्षण समिति की 9वीं बैठक के 16 कार्यों (1457.04 करोड़ रुपये) और 10वीं बैठक के 17 कार्यों (1344.71 करोड़ रुपये) को मिलाकर कुल 33 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। स्वच्छता के संकल्प के तहत उज्जैन नगर निगम द्वारा 2584 हेक्टेयर मेला क्षेत्र में शौचालय, मूत्रालय और स्नानघरों के निर्माण व रखरखाव के लिए 393.53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत कुल 8 हजार 169 स्वच्छता सेटों में 1 लाख 74 हजार 858 इकाइयां स्थापित होंगी, जिनमें लगभग 1.19 लाख शौचालय, 23 हजार 200 स्नानघर और 31 हजार 600 मूत्रालय शामिल हैं।

हर 500 मीटर पर सार्वजनिक शौचालय और घाटों पर हर 200 मीटर पर महिला श्रद्धालुओं के लिए कुल 185 चेंजिंग रूम सेट बनेंगे, जिनमें से 85 सेट निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) से जुटाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कचरा संग्रहण व वेक्टर नियंत्रण के लिए 153.73 करोड़ रुपये की योजना है, जिसमें प्रतिदिन अनुमानित 2 हजार 500 टन कचरे के निपटान हेतु 13 हजार सफाई कर्मी तैनात रहेंगे। क्षिप्रा नदी के जल सुधार हेतु 12.33 करोड़ रुपये और देवास नगर निगम द्वारा नागधम्मन नदी के दूषित जल को शोधन संयंत्र से जोड़ने के लिए 1.50 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं।

निर्बाध बिजली और अत्याधुनिक सुरक्षा का घेरा

मेला क्षेत्र, घाटों और मुख्य मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ऊर्जा विभाग ने 387.99 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाई है। इसमें 5 अस्थायी उपकेंद्र, 45 किमी 33 केवी लाइन, 200 किमी 11 केवी लाइन, 550 किमी निम्न दाब लाइन और लगभग 1 हजार वितरण ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। साधु-संतों के शिविरों को 4 हजार 500 बिजली कनेक्शन, 250 जनरेटर, 250 मोबाइल लाइट टॉवर, 260 रिंग मेन यूनिट और 1 हजार स्वचालित चेंजओवर स्विच की सुविधा मिलेगी। नगर निगम द्वारा अस्थायी प्रकाश व्यवस्था पर 113.03 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सुरक्षा के मोर्चे पर गृह विभाग ने 1862.67 करोड़ रुपये के उपकरण और वाहन खरीदने के प्रस्ताव रखे हैं। इसमें बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) के उपकरणों पर 207.61 करोड़ रुपये, सुरक्षा उपकरणों पर 207.33 करोड़ रुपये, आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) उपकरणों पर 22.92 करोड़ रुपये, साइबर उपकरणों पर 5.41 करोड़ रुपये, यातायात प्रबंधन उपकरणों पर 220.06 करोड़ रुपये और वाहनों पर 199.34 करोड़ रुपये का प्रावधान है। आयोजन के दौरान 100 बम निरोधक दस्ते तैनात रहेंगे और उज्जैन सहित ओंकारेश्वर, महेश्वर व सीमाओं पर ड्रोन तथा एंटी-ड्रोन तकनीक से निगरानी रखी जाएगी।

सड़क, परिवहन, स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्था

लोक निर्माण विभाग द्वारा मेला क्षेत्र के समतलीकरण पर 20.51 करोड़ रुपये, 122 किमी अस्थायी सड़कों पर 34.82 करोड़ रुपये, घाटों तक 17 किमी अस्थायी पैदल मार्ग पर 32.34 करोड़ रुपये तथा पार्किंग व सर्विस क्षेत्र विकास पर 112.34 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। जयसिंहपुरा तिराहा से नरसिंह घाट पुल तक 950 मीटर सड़क चौड़ीकरण के लिए 19.66 करोड़ रुपये और कार्तिक चौक से बड़ा पुल मार्ग पर दानी गेट के ऊपर से 6 मीटर ऊंचे जलमग्न एकीकृत सेतु के निर्माण हेतु संशोधित 48.85 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। उज्जैन विकास प्राधिकरण 2 हजार बसों के संचालन पर 45 करोड़ रुपये और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने पर 16.80 करोड़ रुपये (14.80 करोड़ रुपये सीएसआर से) खर्च करेगा। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा सेवाओं के लिए 27.78 करोड़ रुपये, अग्निशमन सेवाओं के लिए 18.23 करोड़ रुपये तथा राज्य आपदा प्रबंधन निधि से होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा के लिए 155.08 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है, जिसमें होमगार्ड की संख्या 8 हजार से बढ़ाकर 11 हजार 500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4 हजार से बढ़ाकर 10 हजार की जाएगी। प्रशासनिक टेंट व 40 हजार क्षमता की शयनशाला के लिए 120.38 करोड़ रुपये, विक्रेताओं व चालकों के प्रशिक्षण के लिए 25.15 करोड़ रुपये, संत समन्वय हेतु 10 करोड़ रुपये तथा न्यायाधीश अतिथि गृह, चालक विश्राम गृह व सेवा भवन निर्माण पर 19.90 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।

शहरी सौंदर्यीकरण और सिंहस्थ अनुभव केंद्र

शहर के 147 चौराहों के उन्नयन व सौंदर्यीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये तथा कालिदास अकादमी परिसर में स्थायी गुंबदनुमा शेड निर्माण हेतु 11.18 करोड़ रुपये रखे गए हैं। 90 करोड़ रुपये की लागत से 75 हजार वर्गफुट में निजी जनभागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर सिंहस्थ अनुभव केंद्र विकसित होगा, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), संवर्धित व आभासी वास्तविकता (एआर/वीआर) और होलोग्राम तकनीक से 10 विषयगत क्षेत्र बनेंगे। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट, खाद्य मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, एमएसएमई मंत्री श्री चेतन्य काश्यप, नगरीय विकास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जैन: सिक्सलेन की रफ्तार ने थामी 25 से अधिक कॉलोनियों की राह, कट और रोटरी के लिए सड़कों पर उतरे रहवासी

Mon Nov 23 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन निर्माण का काम भले ही सुगम यातायात और तेज रफ्तार के दावों के साथ आगे बढ़ रहा हो, लेकिन इंदौर रोड से जुड़ी 25 से अधिक कॉलोनियों के हजारों रहवासियों के लिए यही विकास अब रोजमर्रा की सबसे बड़ी मुसीबत बन गया है। सिक्सलेन पर लगातार […]
उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन

Breaking News