उज्जैन, अग्निपथ। इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन निर्माण का काम भले ही सुगम यातायात और तेज रफ्तार के दावों के साथ आगे बढ़ रहा हो, लेकिन इंदौर रोड से जुड़ी 25 से अधिक कॉलोनियों के हजारों रहवासियों के लिए यही विकास अब रोजमर्रा की सबसे बड़ी मुसीबत बन गया है। सिक्सलेन पर लगातार बनाए जा रहे डिवाइडर ने इन कॉलोनियों का मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क पूरी तरह काट दिया है।
हालात यह हैं कि घर से चंद कदम दूर स्थित गंतव्य तक पहुंचने के लिए भी लोगों को कई किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसी गंभीर समस्या से त्रस्त होकर सोमवार दोपहर करीब 1 बजे बड़ी संख्या में रहवासी मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सिक्सलेन पर व्यवस्थित कट, रोटरी तथा ट्रैफिक सिग्नल लगाने की पुरजोर मांग की।
महामृत्युंजय द्वार और डी-मार्ट के सामने रोटरी की प्रमुख मांग
ज्ञापन सौंपने पहुंचे रहवासियों ने दो टूक कहा कि सिक्सलेन निर्माण की योजना बनाते समय स्थानीय आबादी की बुनियादी जरूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। रहवासियों ने विशेष रूप से महामृत्युंजय द्वार चौराहे और डी-मार्ट के सामने व्यवस्थित कट के साथ रोटरी तथा ट्रैफिक सिग्नल स्थापित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज अंडरपास का दूसरा सिरा कॉलेज की तरफ खोलने की आवाज भी बुलंद की गई।
लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसी ने सड़क के बीचोंबीच डिवाइडर तो खड़े कर दिए, लेकिन इस मार्ग के दोनों ओर वर्षों से विकसित हो चुकी घनी कॉलोनियों की आवाजाही का कोई व्यावहारिक विकल्प नहीं छोड़ा।
नानाखेड़ा जाने के लिए शांति पैलेस चौराहे का लंबा फेरा
स्थानीय निवासियों ने अपनी रोजमर्रा की पीड़ा साझा करते हुए बताया कि डिवाइडर बनने से कॉलोनियों से मुख्य मार्ग पर आने और जाने के रास्ते बेहद सीमित हो गए हैं। यदि किसी व्यक्ति को नानाखेड़ा की ओर जाना हो, तो उसे सीधे मार्ग के बजाय शांति पैलेस चौराहे से घूमकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
इस अनावश्यक दूरी के कारण आम नागरिकों के कीमती समय के साथ-साथ महंगे ईंधन की भी रोजाना बर्बादी हो रही है। इसके अलावा डी-मार्ट के सामने बनी सर्विस रोड से मुख्य मार्ग पर उतरने या चढ़ने के लिए भी पर्याप्त कट उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
नौकरीपेशा, व्यापारी और विद्यार्थियों की बढ़ी मुश्किलें
इस अव्यवस्था का सीधा असर हर वर्ग के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। सुबह दफ्तर जाने वाले नौकरीपेशा लोग, अपने प्रतिष्ठान पहुंचने वाले कारोबारी और स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी रोजाना जाम और लंबे फेरों की इस परेशानी से जूझने को मजबूर हैं। रहवासियों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि वे इस समस्या को लेकर पूर्व में भी कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही हाथ लगा और धरातल पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। नागरिकों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस बार भी उनकी जायज मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन की रणनीति बनाने को बाध्य होंगे।
कलेक्टर से चर्चा के बाद रास्ता निकालने का आश्वासन
रहवासियों के आक्रोश और व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के असिस्टेंट मैनेजर प्रतीक शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि विभाग द्वारा तैयार किया गया सड़क का नक्शा तकनीकी दृष्टि से पूरी तरह उचित है, किंतु स्थानीय लोगों को हो रही व्यावहारिक समस्याओं को भी गंभीरता से ध्यान में रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर जिला कलेक्टर से चर्चा कर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारी ने संबंधित विभागों से समन्वय कर रास्ता निकालने के लिए 8 से 10 दिन का समय मांगा है। अब इंदौर रोड की कॉलोनियों के बाशिंदों की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि अधिकारियों का यह भरोसा जमीनी हकीकत में कब बदलता है।

